नई दिल्ली(NEW DELHI): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को दिल्ली-एनसीआर के लोगों को एक बड़ा तोहफा देते हुए देश के पहले आठ लेन वाले एलिवेटेड हाईवे द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का उद्घाटन किया. इस परियोजना पर करीब 11,000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदी ने लोगों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की और ‘मेड इन इंडिया’ को अपनाने का संदेश दिया.
द्वारका एक्सप्रेसवे और UER-2 का निर्माण राष्ट्रीय राजधानी और हरियाणा के गुरुग्राम के बीच यातायात को आसान बनाने के उद्देश्य से किया गया है. यह हाईवे दिल्ली के रोहिणी से शुरू होकर गुरुग्राम को सीधे IGI एयरपोर्ट से जोड़ता है, जिससे यात्रियों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलेगी. इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच की दूरी और समय दोनों में कमी आएगी.
लोकल प्रोडक्ट्स को अपनाने का आह्वान
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने खासतौर पर देशवासियों से अपील की कि वे भारतीय उत्पादों को अपनाएं. उन्होंने कहा, “हम भारतीय हैं, इसलिए हमें भारत में बना सामान ही खरीदना चाहिए. त्योहारों के दौरान, विशेष रूप से दिवाली पर, सिर्फ वही चीजें खरीदें जो देश में बनी हों.”
व्यापारियों से पीएम ने आग्रह किया कि वे विदेशी वस्तुओं की बिक्री छोड़कर स्थानीय स्तर पर तैयार हुए उत्पादों को बढ़ावा दें. उनका कहना था कि पहले व्यापार लाभ के लिए विदेशी वस्तुएं बेची जाती थीं, लेकिन अब समय बदल चुका है. अब जरूरत है कि हर व्यापारी ‘लोकल फॉर वोकल’ की सोच को अपनाए.
दिल्ली को बनाना है ग्लोबल कैपिटल
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि पिछली सरकारों की लापरवाही ने दिल्ली की हालत खराब कर दी थी. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली को एक ऐसे शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है, जो विकसित भारत की पहचान बने. उन्होंने कहा, “दिल्ली को एक मॉडल सिटी बनाना है, जो विकास, सुव्यवस्था और स्वच्छता की मिसाल पेश करे.”
दिवाली पर डबल बोनस की घोषणा
पीएम मोदी ने यह भी बताया कि केंद्र सरकार जीएसटी प्रणाली में “नेक्स्ट जेनरेशन” रिफॉर्म लाने की तैयारी कर रही है. इस बदलाव का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा. उन्होंने कहा, “इस दिवाली देशवासियों को डबल बोनस मिलने वाला है. इसका पूरा खाका राज्यों को भेजा जा चुका है और हमें उम्मीद है कि राज्य सरकारें इस प्रक्रिया को तेजी से अपनाएंगी.”
संविधान और लोकतंत्र पर टिप्पणी
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, “जो लोग संविधान की दुहाई देते नहीं थकते, वही लोग अतीत में इसके सिद्धांतों को कुचलते आए हैं. बाबा साहब अंबेडकर की भावनाओं के साथ विश्वासघात करने वाले अब संविधान की बात करते हैं, जबकि उनका इतिहास लोगों का शोषण करने का रहा है.”
मजदूरों से मुलाकात और रोड शो
उद्घाटन समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर काम करने वाले श्रमिकों से भी मुलाकात की. उन्होंने उनसे काम के अनुभवों के बारे में पूछा और परियोजना से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी अधिकारियों से प्राप्त की.
इसके बाद प्रधानमंत्री ने द्वारका से रोहिणी तक रोड शो भी किया. उन्होंने अपनी गाड़ी से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन किया. सड़कों के दोनों ओर खड़े हजारों लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए मौजूद थे.
देश को नई पहचान मिल रही है
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश आज तेजी से बदल रहा है और भारत की राजधानी दिल्ली को वैश्विक व्यापार और कूटनीति के केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “आज देश को नया संसद भवन मिला है, नया कर्तव्य पथ बना है, और भारत मंडपम जैसी संरचनाएं देश की पहचान बन रही हैं. ये सब मिलकर दिल्ली को एक आधुनिक और प्रभावशाली राजधानी बनाएंगे.”
व्यापारियों के लिए संदेश: मेड इन इंडिया बेचिए
पीएम मोदी ने कहा, “अब समय आ गया है कि हम सिर्फ वही सामान बेचें जो हमारे देश में बना हो. व्यापारी गर्व के साथ मेड इन इंडिया उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाएं. आज हम 100 से अधिक देशों को खिलौने भेज रहे हैं, जो पहले भारत में नहीं बनते थे. ये हमारी क्षमता का प्रतीक है.”
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

