रांची(RANCHI): बिहार के राजगीर और झारखंड के कोडरमा के बीच यात्रा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने राजगीर-कोडरमा स्पेशल फेयर ट्रेन (03321/03322) का परिचालन दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। यह ट्रेन अब रोजाना चलेगी और 30 सितंबर 2025 तक यात्रियों को सेवा देगी। इससे बिहार और झारखंड के बीच आवागमन आसान होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। खासकर, राजगीर की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक धरोहर देखने आने वाले पर्यटकों के लिए यह ट्रेन बड़ी सुविधा साबित होगी।
यहां याद दिला दें कि पहले इस ट्रेन का संचालन नवादा और तिलैया स्टेशनों के बीच नॉन-इंटरलॉकिंग काम के कारण बंद कर दिया गया था। यात्रियों की मांग पर पूर्व मध्य रेलवे ने 61 अतिरिक्त फेरे जोड़कर इसे फिर शुरू करने का फैसला किया है। ट्रेन संख्या 03321 कोडरमा से दोपहर 2:40 बजे चलेगी और शाम 4:30 बजे राजगीर पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 03322 राजगीर से सुबह 10:55 बजे रवाना होकर दोपहर 1:55 बजे कोडरमा पहुंचेगी। यह बिहार शरीफ, नवादा, गुरुपा, तिलैया और नटेसर जैसे स्टेशनों पर ठहरेगी।
कुल 3 घंटे की यात्रा में यह ट्रेन 152 से 167 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। जनरल क्लास का किराया लगभग 100 रुपये है, जबकि AC क्लास के लिए 400 से 500 रुपये तक खर्च होंगे। इसमें जनरल, स्लीपर, AC चेयर कार और थर्ड AC की सुविधाएं होंगी, जिससे यह ट्रेन यात्रियों और पर्यटकों दोनों के लिए आरामदायक और किफायती सफर का विकल्प बनेगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

