डुमरी विधायक जयराम महतो ने बनाया ‘भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ’ – कोयला मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई का एलान…

डुमरी विधायक जयराम महतो ने बनाया ‘भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ’ – कोयला मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई का एलान…

गिरिडीह/धनबाद:झारखंड के डुमरी विधानसभा क्षेत्र से जेएलकेएम (JLKM) विधायक जयराम महतो ने कोयला मजदूरों की आवाज को एकजुट करने और उनके हक की लड़ाई लड़ने के लिए एक नए संगठन – ‘भारतीय क्रांतिकारी मजदूर संघ’ की घोषणा की है। इस संगठन का उद्देश्य कोल माइंस और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा, वेतन, और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है।

धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक महतो ने बताया कि यह संगठन झारखंड के सभी जिलों में अपनी इकाइयों का गठन करेगा और एक तय समयसीमा में इसे पूर्ण रूप से सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अब वक्त है कि मजदूरों की आवाज विधानसभा और संसद तक पहुंचे। उनकी समस्याओं को दरकिनार नहीं किया जा सकता।”

हंसदा विवाद पर भी बोले विधायक

प्रेसवार्ता के दौरान विधायक जयराम महतो से जब पूर्व प्रत्याशी सूर्य नारायण हंसदा के कथित नक्सली संबंधों पर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि,
“पार्टी चुनाव के समय उम्मीदवार की तलाश में थी और हंसदा को टिकट इसलिए दिया गया क्योंकि उन्होंने पूर्व में भाजपा से भी चुनाव लड़ा था। उस समय पार्टी को उनकी किसी नक्सली गतिविधि की जानकारी नहीं थी।”

साथ ही विधायक महतो ने हंसदा इनकाउंटर की CBI जांच की मांग करते हुए इसे संवेदनशील और गहरे सामाजिक संदर्भ से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा, “राज्य में आदिवासी मुख्यमंत्री और देश में आदिवासी राष्ट्रपति होने के बावजूद आदिवासी समाज पूरी तरह नक्सलवाद से बाहर नहीं निकल पाया है। यह एक चिंताजनक स्थिति है।”

राजनीति से ज़्यादा समाज की लड़ाई

विधायक महतो के इस कदम को सामाजिक-राजनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, जहां एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि मजदूरों के पक्ष में स्वतंत्र संगठन खड़ा कर रहा है, बजाय किसी ट्रेड यूनियन के मौजूदा ढांचे के सहारे चलने के। इससे गिरिडीह, धनबाद और आसपास के कोल बेल्ट में राजनीतिक हलचल तेज़ हो सकती है।


NEWS ANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *