धनबाद(DHANBAD): धनबाद के गयापुल अंडरपास में लंबे समय से बने खतरनाक गड्ढों ने आखिरकार सांसद ढुल्लू महतो को भी सड़क पर उतरने पर मजबूर कर दिया। शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सांसद ने खुद बेलचा उठाया और श्रमदान करते हुए सड़क की मरम्मत शुरू करवाई।
बताया जा रहा है कि अंडरपास के इन गड्ढों के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे। कई बार शिकायत और निरीक्षण के बावजूद हालात जस के तस बने रहे। हाल ही में उपायुक्त और विधायक राज सिन्हा ने भी मौके का मुआयना किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आखिरकार सांसद ने खुद मोर्चा संभाला—कई हाइवा से डस्ट और गिट्टी मंगवाकर गड्ढों की अस्थाई भराई करवाई। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर केंद्र के कार्यों में इसी तरह विलंब होता रहा तो भाजपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
गयापुल अंडरपास की मरम्मत का ये अस्थाई इंतज़ाम भले फिलहाल राहत दे, लेकिन इलाके के लोग अब स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

