
धनबाद(DHANBAD):कृषि बाजार परिसर में संचालित बरवाअड्डा थाना को उदयपुर के जोड़ापीपल क्षेत्र मे स्थान्तरित कर दिया गया। विश्व आदिवासी दिवस व श्रावण पूर्णिमा के शुभ अवसर पर आज शनिवार को विधिवत पूजा अर्चना कर नए थाना भवन में प्रवेश किया गया।
इस अवसर पर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से पूजा अर्चना के बाद फीता काटकर बरवाअड्डा थाना के नए भवन का शुभारम्भ किया।
झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सौजन्य से नवनिर्मित अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस नए मॉडल थाना भवन में आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय, महिला पुलिसकर्मियों के लिए पृथक एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा कार्यालय संचालन के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराया गया है।
उदयपुर में नवनिर्मित बरवाअड्डा थाना भवन भवन मे थाना प्रभारी का कक्ष, वेटिंग हॉल, सहायता केंद्र, सिरिस्ता, रिकॉर्ड रूम, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, महिला हाजत, पुरुष हाजत, सभागार, जवानों व पदाधिकारी के लिए रेस्ट रूम, किचन, बाथरूम, शौचालय, इंट्रोगेशन रूम, वायरलेस रूम, सीसीटीएनएस समेत अन्य सभी सुविधायों को ध्यान में रखने हुए नए थाना भवन का निर्माण कराया गया है।
मौके पर मौजूद माननीय विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि विभिन्न कठिनाइयों व संसाधन के आभाव के बावजूद पुलिस के जवान जनता की सेवा व सुरक्षा में अपना योगदान देते आ रहे हैँ ऐसे में थाना का नया भवन बनने के बाद यहाँ कार्यरत पुलिसकर्मियों को काफी सुविधा होगी।
उपायुक्त आदित्य रंजन महोदय ने कहा कि नया थाना भवन काफी सुविधाजनक है। उन्होंने हाईवे से थाना तक अप्रोच रोड के शीघ्र निर्माण कराये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस पूरे मार्ग व आसपास के इलाकों में स्ट्रीट लाइट भी जल्द लगाया जाएगा।
मौक़े पर लोगों को सम्बोधित करते हुए एसएसपी प्रभात कुमार महोदय ने कहा कि नए भवन के माध्यम से पुलिस व्यवस्था और अधिक प्रभावी व जनता के अनुकूल बनेगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में भी किसी तरह की परेशानी न हो इसे ध्यान में रखते हुए थाना को और भी अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों व जवानों से अपील करते हुए जनता की सेवा व सुरक्षा को अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
उद्घाटन के अवसर पर वहां मौजूद गणमान्य लोगों ने भी नए भवन को लेकर खुशी जाहिर करते हुए पुलिस विभाग को धन्यवाद दिया। कहा कि मॉडल भवन थाना शिफ्ट होने से प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता और आम नागरिकों को बेहतर सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। है।
उद्घाटन के दौरान सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी नौशाद आलम, एसडीपीओ निरसा रजत मणिक बाखला, डीएसपी ट्रैफिक अरविन्द सिंह, डीएसपी साइबर संजीव कुमार, बरवाअड्डा थाना प्रभारी रजनीकान्त समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

