एक सितंबर से इ-लॉटरी से होगी शराब दुकानों की बंदोबस्ती…

एक सितंबर से इ-लॉटरी से होगी शराब दुकानों की बंदोबस्ती…

धनबाद(DHANBAD): एक सितंबर से जिले में सभी 130 देसी-विदेशी शराब दुकानों का संचालन निजी स्तर पर होगा. इसके लिए उत्पाद विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है. लाॅटरी के माध्यम से सभी दुकानें आवंटित की जायेंगी. यह जानकारी शुक्रवार को उत्पाद आयुक्त रामलीला रवानी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि झारखंड उत्पाद नियमावली के तहत एक सितंबर से 31 मार्च 2030 तक के लिए धनबाद जिले की दुकानों की बंदोबस्ती की जायेगी. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आठ अगस्त से शुरू हो गयी है. . इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल https://exciselottery.jharkhand.gov.in, जिला वेबसाइट dhanbad.nic.in या संबंधित उत्पाद कार्यालय से नियमावली, आवेदन प्रपत्र व अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ निर्धारित धरोहर राशि और शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से 20 अगस्त की रात 11:59 बजे तक किया जाना अनिवार्य है. बता दें कि लाॅटरी के तहत धनबाद जिले में 104 कंपोजिट और 26 देशी शराब दुकानों की बंदोबस्ती होगी. दुकानों की बंदोबस्ती के लिए 51 लाॅट बनाये गये हैं. प्रत्येक लाॅट में दो से चार दुकानों का समूह बनाया गया है.

इ-लॉटरी प्रक्रिया 22 अगस्त को :
इ-लॉटरी प्रक्रिया 22 अगस्त को पूर्वाह्न 11:00 बजे से कंप्यूटर रैंडमाइजेशन के जरिए शुरू होगी, जिसका लाइव प्रसारण विभागीय और जिला वेबसाइट के साथ-साथ समाहरणालय में भी किया जायेगा. चयन दुकानों के न्यूनतम प्रत्याभूत राजस्व के अवरोही क्रम में किया जायेगा और परिणाम वेबसाइट पर उपलब्ध होगा. उत्पाद आयुक्त रामलीला रवानी ने बताया कि चयनित आवेदकों को 25 अगस्त तक सभी दस्तावेजों के साथ प्रतिभूति राशि व वार्षिक अनुज्ञप्ति शुल्क तथा 29 अगस्त तक दुकान स्थल का विवरण और अग्रिम उत्पाद परिवहन कर जमा करना होगा. तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्पडेस्क का गठन किया गया है, जो हर दिन सुबह 10 से शाम छह बजे तक क्रियाशील रहेगा.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *