धनबाद(DHANBAD):ट्रेन से गांजा तस्करी का फिर भंडाफोड़ हुआ है। गांजा तस्करों ने देश के सबसे प्रीमियम ट्रेन को भी नहीं छोड़ा। आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त टीम ने धनबाद स्टेशन पर हावड़ा से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस से 42 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को दबोचा। तीनों तीन अलग-अलग ट्रॉली बैग में गांजे का पैकेट छिपाकर प्रयागराज ले जा रहे थे। ट्रेन की सेकंड एसी बोगी में सफर कर रहे तीनों तस्करों को टीम ने पकड़ लिया। आरपीएफ धनबाद पोस्ट के प्रभारी सह इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने तीनों तस्करों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बिहार के नालंदा कोनंद अस्थावां के सौरभ कुमार और उदय मोहन के साथ हरियाणा पानीपत कृष्णपुरा का स्थायी निवासी व वर्तमान में सीवान के बरौली निवासी रंजीत कुमार को पकड़ा गया है। 42 किलो गांजा की कीमत करीब छह लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। छापेमारी में इंस्पेक्टर अजय प्रकाश के अलावा आरपीएफ की एसआई मनीषा कुमारी, पालिक मिंज, सीआईबी इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राम और रेल पुलिस के एएसआई दिलीप कुमार पॉल और रामकुमार पासवान आदि शामिल थे। — हावड़ा से ट्रेन पर सवार हुए थे तीनों इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों हावड़ा स्टेशन पर ट्रेन की सेकंड एसी बोगी ए-1 और ए-2 में सवार हुए थे। पूछताछ में तीनों ने बताया कि ओडिशा के अंगुल में किसी संजय नामक युवक ने उन्हें तीनों ट्रॉली बैग दिए थे। तीनों ट्रॉली बैग में एक-एक केजी के 14-14 पैकेट थे। बैग लेकर वे लोग प्रयागराज जा रहे थे। उन्हें बताया गया था कि वहां किसी राजकुमार नामक व्यक्ति को बैग देना था। इसके एवज में तीनों को मोटी रकम मिलने वाली थी। — ढाई महीने में 112 किलो गांजा हो चुका है जब्त धनबाद स्टेशन पर 21 जून से पांच अगस्त के बीच पांच बार गांजे की खेप पकड़ी गई। पांचों कार्रवाई में 112 किलो गांजा पकड़ा जा चुका है। सभी मामलों में रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है। ओडिशा के अंगुल से गांजा भेजने वाले तस्करों की पहचान की जा रही है। रिसीवर भी रेल पुलिस के निशाने पर हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

