उत्तरकाशी में कुदरत का ‘तांडव’… देखें दिल दहलाने वाला वीडियो…

उत्तरकाशी में कुदरत का ‘तांडव’… देखें दिल दहलाने वाला वीडियो…

उत्तराखंड(UTRAKHAND):उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार को बादल फटने से खीरगंगा में भयंकर बाढ़ आ गई, जिससे इलाके में भारी तबाही मच गई। इस आपदा में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया कि धराली में कई होटल और दुकानें पूरी तरह से ध्वस्त हो गई हैं। बाजार का अधिकांश हिस्सा बाढ़ की चपेट में आकर तबाह हो गया है। कई होटलों और घरों में मलबा और पानी भर गया है। बाढ़ का पानी तेजी से गांव की ओर आता देख लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घटना के बाद कई भयावह वीडियो सामने आए हैं, जिनसे आपदा की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

सेना का बेस कैंप और हेलीपैड तबाह
हर्षिल में सेना के कैंप के पास बहने वाला तेलगाड़ नाला उफान पर है। इसका असर सेना के बेस कैंप और हेलीपैड पर भी पड़ा है। दोनों ही तबाह हो गये हैं। इससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इसके अलावा गंगोत्री हाईवे भी बाढ़ की वजह से बंद हो गया है।

रेस्क्यू में जुटी NDRF और SDRF की टीम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी की इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य टीमें लगातार काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वे लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और हालात की निगरानी कर रहे हैं।

बाढ़ ने निचले इलाकों में भी भारी नुकसान पहुंचाया है। कई घर और होटल मलबे में दब गए हैं और कई लोग अब भी लापता हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर:
01374-222126
01374-222722
9456556431
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और किसी भी तरह की मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क करें।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *