
झरिया(JHARIA):मारवाड़ी युवा मंच – झरिया शाखा द्वारा रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आयोजित पाँच दिवसीय कौशल विकास कार्यशाला की शुरुआत आज मारवाड़ी विद्यालय, झरिया में हुई। कार्यशाला के पहले दिन छात्राओं ने क्ले से राखी निर्माण की बारीकियाँ सीखी। पिडिलाइट कंपनी के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में छात्राओं ने विभिन्न डिजाइनों में आकर्षक राखियाँ बनाईं।
इस अवसर पर मारवाड़ी विद्यालय समिति से अमित भुसानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यशाला का अवलोकन करते हुए छात्राओं के उत्साह और रचनात्मकता की प्रशंसा की।
कार्यक्रम संयोजक पूनम भुसानिया ने बताया कि रचनात्मक गतिविधियाँ बालिकाओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और संस्कृति के प्रति प्रेम को बढ़ावा देती हैं। आज की सहभागिता को देखकर स्पष्ट है कि छात्राएँ इस प्रकार की पहल को कितना सराहती हैं। कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के वरिष्ठ सदस्य कविता अग्रवाल संग विद्यालय के शिक्षकगण एंव प्रबंधन का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ।
प्रत्येक प्रतिभागी को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया। कार्यशाला का अगला सत्र 30 जुलाई को पुनः मारवाड़ी विद्यालय में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा।
कार्यशाला का संचालन पिडिलाइट कंपनी की ओर से प्रशिक्षक भूमि अग्रवाल ने किया, जिन्होंने बच्चियों को विभिन्न डिज़ाइनों और तकनीकों के माध्यम से सुंदर राखियाँ बनाना सिखाया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

