29 जुलाई को छात्राएँ करेंगी पर्यावरण संकट पर विचार, श्रेष्ठ प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान – आशीष अग्रवाल..
झरिया(JHARIA):अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के “हर विद्यालय – हरियाली संवाद” अभियान के अंतर्गत मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा दिनांक 29 जुलाई 2025 (मंगलवार) को एक विशेष निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन बालिका विद्या मंदिर, झरिया में किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता का विषय होगा – “बदलता पर्यावरण: चुनौतियाँ और समाधान”, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राएँ भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता प्रातः 10:50 बजे आरंभ होगी और 60 मिनट की समयावधि में संपन्न होगी। प्रतिभागियों को हिंदी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे।
कार्यक्रम के संयोजक आशीष अग्रवाल ने जानकारी दी कि “इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राएँ पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों पर चिंतन करेंगी और संभावित समाधानों पर विचार रखेंगी। यह मंच उनकी अभिव्यक्ति, संवेदनशीलता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करेगा।”
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष 10 छात्राओं को “पर्यावरण रक्षक प्रमाण पत्र”, तथा शीर्ष 3 प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि “बदलते पर्यावरणीय परिदृश्य में युवाओं को जागरूक करना और उन्हें सोचने-समझने तथा समाधान प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। ऐसी रचनात्मक गतिविधियाँ उन्हें एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
इस पहल का उद्देश्य पर्यावरणीय चेतना को विद्यालय स्तर तक पहुँचाना है, जिससे विद्यार्थी भावी पीढ़ी के रूप में प्रकृति के प्रति अपने दायित्व को समझें और निभाएँ।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडे की रिपोर्ट

