रांची(RANCHI):रांची से दुमका तक, आज़ादी की 78वीं वर्षगांठ के स्वागत में झारखंड की धड़कनें तेज़ हो गई हैं।
मुख्य सचिव अलका तिवारी के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। जैसे सावन की बारिश धरती को सजाती है, वैसे ही हर कोना, हर रास्ता और हर मंच झंडोत्तोलन की गरिमा के लिए सजाया जा रहा है। रांची के मोरहाबादी मैदान में CM और दुमका पुलिस लाइन में राज्यपाल तिरंगा फहरायेंगे। मुख्य सचिव ने सख्त निर्देश दिये कि राष्ट्रीय गान के दौरान प्रोटोकॉल की शुद्धता और गरिमा से कोई समझौता न हो। पूर्व की तरह भव्य मंच, आमंत्रण कार्डों की गरिमा, स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं का आदर, LED स्क्रीन पर लाइव तस्वीरों की स्पष्टता एवं स्वास्थ्य, पेयजल, शौचालय और VIP आगमन की पुख्ता व्यवस्था हो।
मीडिया और जनता
समारोह का लाइव टेलीकास्ट होगा। पत्रकारों के लिए विशेष इनक्लोजर बनाया जा रहा है। ध्वनि व्यवस्था की ज़िम्मेदारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को सौंपी गई है। इधर CRPF, जैप, IRB, जिला पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड और NCC की टुकड़ियां परेड की रिहर्सल में जुटी हैं। इनकी ताल और कदमों की गूंज इस आज़ादी को और बुलंद करेगी। हर जिला, हर गांव, हर कस्बा, तिरंगे के नीचे एकजुट होगा क्योंकि यह सिर्फ एक दिवस नहीं, ये है संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान की वो सुबह, जिसे नमन करने पूरा झारखंड तैयार है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

