धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने उपायुक्त को सौंपा दो सूत्री ज्ञापन…

धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन ने उपायुक्त को सौंपा दो सूत्री ज्ञापन…

महाराज अग्रसेन जी की प्रतिमा स्थापना एवं नगर सौंदर्यीकरण की मांग

धनबाद(DHANBAD):धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के पाँच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने आज दिनांक 06 जून 2025 को अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल के नेतृत्व में उपायुक्त, धनबाद से भेंट कर दो महत्त्वपूर्ण जनहितकारी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। सम्मेलन ने नगर की सांस्कृतिक गरिमा एवं सौंदर्य संवर्द्धन से जुड़े विषयों पर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल के नेतृत्व में डीसी को सौंपे गए ज्ञापन में निम्नांकित मांग रखी गई है…

  1. महाराज अग्रसेन जी की प्रतिमा स्थापना:
    सम्मेलन ने मांग की कि भारतीय संस्कृति, व्यापार नीति एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक महाराज अग्रसेन जी की आदमकद प्रतिमा धनबाद के किसी प्रमुख स्थल—जैसे गोल बिल्डिंग चौक, रणधीर वर्मा चौक, बैंक मोड़ या टाउन हॉल परिसर—में स्थापित की जाए। सम्मेलन ने कहा कि अग्रसेन जी “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को जीवंत करने वाले युगपुरुष थे, जिनकी प्रतिमा से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी और नगर की सांस्कृतिक पहचान सुदृढ़ होगी।
  2. नगर सौंदर्यीकरण एवं जर्जर ढाँचों का निष्कासन:
    प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम क्षेत्र में फैले वर्षों पुराने, टूटे-फूटे, जर्जर होर्डिंग्स, डिवाइडर्स, पोस्टर और बैनरों को हटाने की मांग की। सम्मेलन ने कहा कि ऐसे ढांचे न केवल शहर की सुंदरता को बिगाड़ते हैं, बल्कि मानसून के दौरान दुर्घटनाओं का भी कारण बन सकते हैं। नगर विकास विभाग से अनुरोध किया गया कि एक विशेष अभियान चलाकर इन अनुपयोगी ढाँचों को हटाया जाए जिससे धनबाद स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप में सामने आए।

अन्य मुद्दे:

बातचीत के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने NH-2 से बरवाअड्डा स्थित किसान चौक होते हुए धनबाद प्रवेश मार्ग की दुर्दशा की ओर भी ध्यान दिलाया। विशेष रूप से Kia शोरूम के निकट पेट्रोल पंप के सामने बनाए गए अव्यवस्थित और खतरनाक कट को चिन्हित किया गया। उपायुक्त महोदय ने इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर कृष्णा अग्रवाल ने कहा कि धनबाद जिला मारवाड़ी सम्मेलन सदैव सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में अग्रणी रहा है और नगर के समग्र विकास हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री कृष्णा अग्रवाल,राजेश रिटोलिया, ललित झुनझुनवाला,विनय अग्रवाल एवं अनिल खेमका मुख्य रूप से शामिल थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *