
धनबाद (DHANBAD): प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी प्रदीप संथालिया ने झारखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए एक प्रशंसनीय पहल की घोषणा की है। श्रीराम ओजोन ग्रुप के बैनर तले, श्री संथालिया ने 2025 में छोटे गांवों, कस्बों और शहरों में स्थित उन छोटे मंदिरों के जीर्णोद्धार को अपना मिशन बनाया है, जो धन की कमी के कारण जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं।
श्री संथालिया ने अपने संदेश में कहा, “सनातन धर्म की रक्षा के लिए श्रीराम ओजोन ग्रुप हमेशा तत्पर है। भगवान ने मुझे सक्षम बनाया है और उनके मंदिरों का जीर्णोद्धार करना मेरा दायित्व है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मंदिर का पूरा पता, जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था का नाम, आवश्यक राशि, रुके हुए कार्य का विवरण, साथ ही मंदिर का वीडियो और फोटो उपलब्ध कराना होगा।
उन्होंने यह भी जोड़ा, “मेरा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सहायता राशि का उपयोग केवल मंदिरों के जीर्णोद्धार में ही हो। कोई भी व्यक्ति या संस्था, जिसे इस तरह की आवश्यकता हो, सीधे मुझसे संपर्क कर सकता है।”
यह पहल विशेष रूप से उन छोटे मंदिरों के लिए है, जो आर्थिक तंगी के कारण उपेक्षित हैं, ताकि अधिक से अधिक मंदिरों को पुनर्जनन मिल सके। श्री संथालिया की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों ने सराहा है और इसे सनातन धर्म के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है…साथ ही यह भी कहा जा सकता है कि राजनीति से दूर हो कर संथालिया अब धर्म कर्म पर ज्यादा ध्यान देंगे..अब तक उन्होंने धनबाद में मेयर चुनाव लड़कर मेयर बनने का सपना संजोया मगर पूरा नहीं हुआ,बीजेपी से जुड़कर राज्य सभा में जाने का जुगाड़ लगाया मगर किस्मत ने साथ नहीं दिया…..वोट के अंक गणित में पिछड़ गए..इन दिनों धनबाद से दूर रहकर कोलकाता में व्यवसाय करते है..हाल के दिनों में राजनीति सक्रियता शून्य हो गई है…
NEWS ANP के लिए रागिनी की रिपोर्ट

