ATM में फंसा कार्ड, फिर दनादना कटते चले गये एक लाख रुपये…

ATM में फंसा कार्ड, फिर दनादना कटते चले गये एक लाख रुपये…

झारखंड(JHARKHAND) : साइबर अपराधी हर दिन नए-नए तरीके से लोगों के बैंक खाता खाली कर दे रहे हैं। रामगढ़ शहर में शनिवार को एक ऐसी घटना हुई जहां साइबर क्रिमिनल्स ने बड़े अनोखे तरीके से एक ठेकेदार के बैंक खाते से एक लाख रुपए निकाल लिए। शहर के बिजुलिया के रहने वाले जगमोहन सिंह शनिवार को स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के बिजुलिया में लगाए गए ATM मशीन से पैसे निकालने गए थे। उन्होंने जैसे ही ATM मशीन में अपना कार्ड डाला, वह कार्ड फंस गया। काफी मशक्कत के बाद भी जब कार्ड नहीं निकला, तो उन्होंने एटीएम मशीन के सामने दीवार पर लिखा केयरटेकर के नंबर पर कॉल किया। जिस व्यक्ति ने कॉल उठाया उसने बताया कि वह मुंबई कॉल सेंटर से बात कर रहा है। उन्हें अपनी समस्या के समाधान के लिए एसबीआई बैंक में जाने की सलाह दी।

जगमोहन सिंह ATM से निकलकर बैंक जाने के लिए निकले। इस दौरान मोबाइल पर बात कर रहा व्यक्ति उन्हें अपनी बातों में उलझाए रहा। इस दौरान उनके अकाउंट से तीन ट्रांजैक्शन में 30,000 रुपये निकल गए। उन्होंने जब इसकी शिकायत की तो कॉल पर मौजूद व्यक्ति ने उन्हें ढांढस बंधाया। जब वे दोबारा एटीएम मशीन पहुंचे तो उनका कार्ड भी गायब था। उन्होंने जब इसके बारे में तथाकथित केयरटेकर को बताया, तो उसने कहा कि उनका एटीएम कार्ड मशीन के अंदर चला गया है। जब बैंक पहुंचकर जगमोहन सिंह ने अपने खाते का डिटेल निकला, तो पता चला कि खाते से एक लाख निकल चुके हैं।

जगमोहन सिंह पिता गुरदेव सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं। वे पिछले पांच वर्षों से रामगढ़ में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टेट बैंक आफ इंडिया के अकाउंट से एटीएम से पैसे निकालने के लिए भी मोबाइल में ओटीपी आता है। उनके खाते से साइबर क्रिमिनल ने 10 ट्रांजैक्शन में एक लाख रुपए निकाले हैं, लेकिन एक बार भी उनके द्वारा ओटीपी शेयर नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि उनका एटीएम का लिमिट एक लाख ही है। इसलिए साइबर अपराधी उतने पैसे निकाल सके। अगर लिमिट ज्यादा होती तो उनका पूरा अकाउंट खाली हो जाता। जगमोहन सिंह ने जब बैंक में तफ्तीश की तो पता चला कि साइबर क्रिमिनल्स ने उनका एटीएम कार्ड निकाल लिया था। जितने ट्रांजैक्शन हुए हैं वह एचडीएफसी के एटीएम मशीन से हुए हैं।

NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *