बेरमो(BERMO) : बेरमो थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया जब मॉर्निंग वॉक के दौरान करगली गेट फिल्टर प्लांट के पास 40 वर्षीय चंदन कुमार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे बोकारो स्टील प्लांट (सेल) में कार्यरत थे और रीजनल कॉलोनी, ढोरी के निवासी थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चंदन कुमार रोज़ाना की तरह सुबह टहलने निकले थे, जब अचानक गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने जब उन्हें देखा, तो तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक चंदन कुमार की पत्नी पुतुल कुमारी केंद्रीय अस्पताल ढोरी में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को ही वे पूरे परिवार के साथ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर दर्शन कर लौटे थे।
मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर निवासी चंदन कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे पुत्रों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक की उम्र 9 वर्ष और दूसरे की 4 वर्ष है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। बेरमो थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
NEWSANP के लिए बरमो से गोविंद कुमार की रिपोर्ट

