धनबाद(DHANBAD): कोयलांचल में सुहागिन महिलाओं ने रविवार को वट सावित्री पूजा विधि विधान के साथ की। महिलाओं ने वटवृक्ष के नीचे पूजा अर्चना की और अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए वरदान मांगा। इस अवसर पर महिलाओ ने वटवृक्ष के नीचे फल फूल व पूजन सामग्री के साथ पूजा अर्चना की तथा कच्चे धागे के साथ वृक्ष की परिक्रमा कर और अपने पति के दीर्घायु होने का वरदान मांगा। वट वृक्ष पर प्रातः से ही महिलाओं की काफी भीड़ देखी गयी। पूजा समापन के पश्चात सभी महिलाओ ने अपने गांव व घरों में सत्यवान सावित्री की कथा सुनी। दर्जनों गांवों में महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा अर्चना की।
इस पूजा के संबंध में काण्ड्रा निवासी मंजू देवी ने बताया कि वट सावित्री व्रत का हिंदू धर्म में खास महत्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु की कामना के लिए व्रत रखती हैं और सावित्री देवी की विधि-विधान से पूजा करती हैं। यह पर्व ज्येष्ठ मास की अमावस्या तिथि को मनाया जाता है। सुहागिन महिलाएं इस दिन सोलह श्रृंगार करके पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती है और वट वृक्ष तथा देवी सावित्री की पूजा करती हैं। इस अवसर पर दर्जनों महिलाएं मौजूद थी।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

