धनबाद(DHANBAD) : पहलगाम की घटना के बाद बदले हालात के बाद से रेलवे अलर्ट पर है. सुरक्षा को लेकर सभी स्टेशन पर कड़ी निगरानी की जा रही है. धनबाद रेल मंडल में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है. आरपीएफ कमांडर अनुराग मीणा ने भी कहा है कि सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. लेकिन धनबाद स्टेशन पर नजर डालें तो अलर्ट जैसी स्थिति बिल्कुल नहीं है. यात्री सामान्य दिनों की तरह आराम से आ-जा रहे हैं. यात्रियों के बैग की जांच के लिए धनबाद स्टेशन परिसर के प्रवेश द्वार पर स्कैनर मशीन लगाई गई है. लेकिन यह भी शोभा की वस्तु बन गई है.
धनबाद स्टेशन के प्रवेश द्वार पर लगाई गई स्कैनर मशीन पर न तो कोई आरपीएफ जवान नजर आया और न ही इसका संचालन हो रहा है. यात्री स्कैनर मशीन के पास से सामान लेकर स्टेशन में प्रवेश जरूर कर रहे थे. लेकिन उनके सामान की जांच नहीं हो रही थी. स्टेशन परिसर में प्रवेश करने या प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए एक-दो नहीं बल्कि पांच रास्ते हैं, जहां से यात्री आसानी से प्रवेश और निकास कर सकते हैं.
यात्री राम सागर पासवान ने बताया कि उन्हें कोई आरपीएफ वाला नहीं मिला जिसने उनके सामान की जांच की. स्कैनर मशीन भी काम नहीं कर रही है. यहां अलर्ट जैसी स्थिति नहीं है. जिस तरह से आतंकी घटना हुई है, उससे रेलवे को अलर्ट रहने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि शायद रेल प्रशासन पूरी तरह से गंभीर नहीं है.
यात्री उमेश ठाकुर ने कहा कि धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ ने चेकिंग नहीं की है. स्कैनर मशीन पर सामान की जांच नहीं की गयी है. सुरक्षा से संबंधित कोई भी चीज यहां नहीं दिख रही है. उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए.
“हमें हमेशा अलर्ट मिलते रहते हैं. प्रोटोकॉल के तहत हम कार्रवाई कर रहे हैं. रेलवे हर चीज के लिए हमेशा तैयार है. समय-समय पर अलर्ट आते रहते हैं, हमें जो निर्देश मिलते हैं, हम उस पर काम करते हैं. पहलगाम की घटना ही नहीं बल्कि सभी तरह की घटनाओं के अलर्ट आते हैं. हर दिन चार से पांच अलर्ट आते हैं. आरपीएफ को अलर्ट पर रखा गया है.” – कौशल किशोर सिन्हा, डीआरएम
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

