राजस्थान : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जोधपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण…

राजस्थान : केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जोधपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण…

दिल्ली(DELHI):केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज सोमवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। यह कार्य अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जोधपुर का रेलवे स्टेशन ऐतिहासिक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके विश्वस्तरीय विकास की मंजूरी दी है। इस योजना के तहत एक प्रवेश द्वार और ट्रैफिक व पार्किंग की सुविधा के एलिवेटेड रोड और एक बड़ी पार्किंग का विकास किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यहां एक सुंदर काॅनकोर्स भी बनेगा, जहां यात्री आराम से बैठ सकेंगे। इसके अलावा स्थानीय उत्पाद जैसे लस्सी और गुलाब जामुन की बिक्री भी स्टेशन पर की जाएगी ताकि आने वाले यात्री इनका आनंद ले सकें। उन्होंने यह भी बताया कि जोधपुर के भगत की कोठी के पास एक नया कार्गो टर्मिनल बनाया जा रहा है जिससे औद्योगिक निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, “यहां से काफी निर्यात होता है, इसलिए उद्योगों के लिए यह एक अच्छी सुविधा होगी।”

वैष्णव ने बताया कि राजस्थान को इस समय रेलवे बजट में करीब 10 हजार करोड़ रुपये मिलते हैं। वर्तमान में राजस्थान में लगभग 44 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएं चल रही हैं। पिछले 10 वर्षों में राज्य में 3,784 किलोमीटर ट्रैक बिछाए गए हैं और कई लाइनों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। अमृत भारत योजना के तहत राजस्थान के 84 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है।

राज्य में चल रही अन्य परियोजनाओं में पुष्कर से मेड़ता तक नई रेल लाइन, अंबाजी से अबू रोड और तारंगा हिल तक संपर्क, और लूणी से समदड़ी तक दोहरीकरण कार्य शामिल है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने 26 फरवरी 2024 को देशभर में 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी थी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के 1300 से अधिक स्टेशनों को विकसित किया जा रहा है। इनमें सबसे अधिक स्टेशन उत्तर प्रदेश (149) में हैं, इसके बाद महाराष्ट्र (123), पश्चिम बंगाल (94), गुजरात (87), बिहार (86), राजस्थान (85) और मध्य प्रदेश (80) का स्थान है। राजस्थान में विकसित होने वाले प्रमुख स्टेशन हैं- अबू रोड, अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, जोधपुर, जयपुर, उदयपुर, साथ ही दीग, सवाई माधोपुर, पाली, झुंझुनूं जैसे छोटे स्टेशन भी शामिल हैं।

NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *