बिहार(BIHAR): पदुगोड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप निर्माणाधीन अंडरपास में कार्यरत मजदूरों पर 25 फरवरी की रात हुई गोलीबारी के मामले में महुदा पुलिस ने मंगलवार को अशोक राय नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। महुदा पुलिस के अनुसार उसे सोमवार को बिहार के मुजफ्फरपुर जिला के मंजलिस माधव गांव से गिरफ्तार कर लाया गया था। उसकी गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई है। इस संबंध में महुदा थाना प्रभारी देवानंद प्रसाद ने बताया कि पदुगोड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप निर्माणाधीन अंडरपास के समीप मजदूरों पर हुई गोलीबारी के मामले में इसे गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस मुजफ्फरपुर पहुंची। वहां रामपुरदड़ी थाना का सहयोग लेकर आरोपी के घर पहुंची तथा उसे पूछताछ के लिए महुदा थाना लायी। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। कांड का मुख्य आरोपी अजीत सिंह उर्फ अजीत राय बिहार के सीतामढ़ी जिले का रहने वाला बताया जाता है। वह अभी फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी। स्मरण रहे कि 25 फरवरी की रात पदुगोड़ा रेलवे क्रॉसिंग के समीप निर्माणाधीन अंडरपास में कार्यरत मजदूरों पर बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। जिसमें दो मजदूरों को गोली लगी थी तथा दो मजदूर गिरकर घायल हो गए थे। इस संबंध में काम करने वाली कंपनी श्री तिरुपति बालाजी इंटरप्राइजेज के मालिक योगेंद्र शर्मा ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उसी के आधार पर महुदा पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, बाइक नंबर तथा पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो के आवास पर लगे सीसीटीवी फुटेज से सुराग लेकर अनुसंधान आरंभ किया था। उसी क्रम में अशोक राय को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

