धनबाद में क्रब से शवों के गायब होने का मामला प्रकाश में आया है. जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
कब्र की जांच करती पुलिस.
धनबाद(DHANBAD): जिले में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल तो उठ ही रहे थे, लेकिन अब मरे हुए लोग भी सुरक्षित नहीं हैं. मतलब अंतिम संस्कार के बाद मृत आत्माओं को शांति नहीं मिल रही है. एक ऐसा ही मामला धनबाद के हरिहरपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां बिशुनपुर जमुनिया नदी श्मशान घाट से शवों की चोरी हो गई है. श्मशान घाट में अलग-अलग जगहों पर दफनाए गए कुल पांच शवों को गायब कर दिया गया है. यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है.
ग्रामीणों ने असामाजिक तत्वों पर जताया संदेह
कब्रों की स्थिति देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरी हुए शवों में कुछ बच्चों के थे और कुछ बुज़ुर्गों के थे. शवों के गायब होने की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार क्षेत्र में हुई है. जिससे असामाजिक गतिविधियों का संदेह गहराता जा रहा है.
जानकारी देते टुंडी विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी और परिजन. पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुटी
वहीं घटना की सूचना मिलते ही हरिहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने श्मशान घाट स्थित कब्रों का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. फिलहाल इस घटना के पीछे की मंशा का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. वहीं घटना की सूचना पर टुंडी विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
तीन लोगों के मृत परिजनों के शव गायब
इस संबंध में गोमो के शर्मा कॉलोनी निवासी विकास कुमार ने बताया कि उनके दादा बुधराम प्रसाद की मृत्यु 26 नवंबर 2024 को हुई थी. उन्होंने 27 नवंबर को शव को श्मशान घाट के पास कब्र में दफना दिया था. उनका कहना है कि उनके दादा का शव को मिट्टी हटाकर चोरी कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि हालांकि उनलोगों ने स्थानीय थाना को इसकी मौखिक जानकारी दी है, आवेदन नहीं दिया है. जबकि दूसरा शव जो मिसिंग है वो सिकलाईन निवासी दिनेश राम के 22 वर्षीय पुत्र महेश राम का है. महेश की मृत्यु 11 जनवरी को हुई थी. परिजनों के अनुसार उसका शव दफनाया गया था, जो अब गायब है. वहीं विशुनपुर निवासी मुन्ना हरि की मां टुकनी देवी का शव भी गायब है. उनकी मृत्यु 26 दिसंबर 2024 को हुई थी. फिलहाल दो शव किसका था अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है.
मामला बेहद गंभीर, होगी कार्रवाईः थाना प्रभारी
वहीं इस मामले हरिहरपुर थाना प्रभारी राहुल झा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर जांच के लिए पहुंचे थे. मिट्टी में दफन शव को जानवरों ने नहीं, बल्कि किसी व्यक्ति द्वारा निकाले जाने का मामला प्रतीत हो रहा है. मामला काफी गंभीर है. उन्होंने कहा कि घटना को लेकर किसी ने अब तक लिखित शिकायत नहीं की है. फिर भी पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. रात हो जाने के कारण आसपास के इलाके में छानबीन नहीं की जा सकी है. कल जांच-पड़ताल शुरू की जाएगी.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

