25 अप्रैल तक प्रतिदिन लाभुकों के बीच होगा खाद्यान्न का वितरण…

25 अप्रैल तक प्रतिदिन लाभुकों के बीच होगा खाद्यान्न का वितरण…

Kaउपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत सभी बीएसओ को दिया निर्देश, अनाज वितरण में अब तक मात्र 32 फीसदी लक्ष्य प्राप्त

बोकारो(BOKARO):बोकारो 25 अप्रैल तक प्रतिदिन लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण होगा. इस संबंध में डीसी विजया जाधव ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी शालिनी खालखो समेत सभी बीएसओ को निर्देश दिया है. बताते चलें कि अबतक जिले में मात्र 32.51 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति अनाज वितरण की दिशा में हुआ है. पेटरवार प्रखंड में मात्र 5.92, तो चंदनकियारी प्रखंड में अबतक 6.97 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हुआ है. सबसे अच्छी स्थिति चास नगर निगम क्षेत्र में है. यहां 56.32 प्रतिशत खाद्यान्न का वितरण हुआ है. वहीं चास प्रखंड में 53.11 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति हुई है.

डीसी ने पिछले दिनों खाद्यान्न उठाव, डोर स्टेप डिलीवरी एवं जविप्र दुकानदारों द्वारा लाभुकों के बीच वितरण की समीक्षा की थी. समीक्षा में पाया था कि जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की ओर से लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण संतोषजनक नहीं है. इसी आधार पर सभी बीएसओ सह बीडीओ-सीओ को विपणन पदाधिकारी, एजीएम व जविप्र दुकानदारों के साथ बैठक कर 25 अप्रैल तक प्रतिदिन चावल दिवस घोषित करते हुए लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

वीडियो जारी कर लाभुकों से होगी अपील
बीएसओ सह बीडीओ-सीओ जन वितरण प्रणाली दुकानदार को डीएसडी से खाद्यान्न उपलब्ध करायेंगे. साथ ही वीडियो जारी कर क्षेत्रवार जन वितरण प्रणाली दुकानदार से खाद्यान्न प्राप्त करने के लिए लाभुकों से अपील करेंगे. साथ ही जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने व ग्रास सभा के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों तक संदेश पहुंचाने की दिशा में पहल करेंगे. इतना ही नहीं ग्रीन राशन कार्ड धारियों के बीच भी खाद्यान्न वितरण होगा.

मिलेगा लूंगी-साड़ी-धोती योजना का लाभ
लूंगी-साड़ी-धोती योजना के तहत भी आहर्ताधारी लाभुकों के बीच वस्त्र वितरण होगा. डीसी ने इसकी राशि विभाग को जमा करने का निर्देश दिया. इ-केवाईसी को शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया गया है. वैसे लाभुक जो छह माह से अधिक समय से राशन का उठाव नहीं कर रहे हैं, उनका नाम चिन्हित कर ग्रामसभा के माध्यम से राशन कार्ड की सूची से नाम विलोपित की जायेगी.

राशन कार्ड धारकों को नहीं मिल रही चीनी, नमक का भी पता नहीं
बोकारो जिला में नौ माह से अधिक समय से राशन कार्ड धारकों को चीनी नहीं मिल रही है. अंतिम बार जून 2024 को चीनी का वितरण किया गया था. जून 2024 में 74.65 प्रतिशत कार्डधारक के बीच चीनी का वितरण हुआ था. इसी तरह बोकारो जिला में नमक का वितरण भी अंतिम बार जून 2024 में ही हुआ था. जून 2024 में 56.34 प्रतिशत कार्डधारक के बीच नमक का वितरण किया गया था.

NEWSANP के लिए बोकारो से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *