दिल्ली(DELHI) : ED ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले में चार्जशीट दाखिल की है। यह कार्रवाई राहुल और सोनिया गांधी से जुड़ी कंपनी एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की 700 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के कुछ दिनों बाद की गई है। इन संपत्तियों में दिल्ली, मुंबई और लखनऊ में स्थित प्रमुख प्रॉपर्टीज शामिल हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजधानी के बहादुर शाह जफर मार्ग पर स्थित प्रतिष्ठित हेराल्ड हाउस भी शामिल है।
ईडी ने इस मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और कांग्रेस ओवरसीज चीफ सैम पित्रोदा के खिलाफ दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में शिकायत दर्ज की है। चार्जशीट में सुमन दुबे समेत कुछ अन्य नाम भी शामिल हैं। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने 9 अप्रैल को दाखिल आरोप-पत्र की संज्ञान लेते हुए महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सुनवाई की और अगली तारीख 25 अप्रैल निर्धारित की। इस दिन ईडी और जांच अधिकारी के विशेष वकील कोर्ट के अवलोकन को लेकर केस डायरी भी पेश करेंगे।
कांग्रेस ने ईडी की चार्जशीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से की गई बदले की राजनीति करार दिया। उन्होंने लिखा, “नेशनल हेराल्ड की संपत्ति जब्त करना कानून के शासन का मुखौटा पहने हुए राज्य प्रायोजित अपराध है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करना प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की ओर से बदले की राजनीति और धमकी के अलावा कुछ नहीं है। हालांकि, कांग्रेस और उसका नेतृत्व चुप नहीं रहेगा। सत्यमेव जयते।”
NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

