धनबाद(DHANBAD) : राष्ट्रीय अग्नि सेवा सप्ताह 2025 की शुरुआत के उपलक्ष्य में जामाडोबा स्थित जनरल मैनेजर के कार्यालय में एक भावुक और प्रेरणादायक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर टाटा स्टील के झरिया डिवीजन के जनरल मैनेजर संजय राजोरिया ने ध्वजारोहण किया और उन बहादुर अग्निशमनकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने अपने कर्तव्यों की निर्वाहन करते हुए प्राणों की आहुति दे दी।
सप्ताह भर चलने वाली गतिविधियों के अंतर्गत स्कूलों, अस्पतालों और आस-पास के क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा जागरूकता सत्र और समुदाय को शामिल करने वाली गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
इस समारोह में सुब्रत दास (चीफ, जामाडोबा ग्रुप), बरुण कुमार बनर्जी (हेड सेफ्टी), सुजीत कुमार झा (सीनियर एरिया मैनेजर, सिक्योरिटी), रवि कुमार (सीनियर मैनेजर, सिक्योरिटी) और झरिया डिवीजन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति ने डिवीजन में अग्नि सुरक्षा के प्रति मजबूत और समर्पित दृष्टिकोण को और भी मज़बूत किया।
राष्ट्रीय अग्नि सेवा सप्ताह हर साल 14 से 20 अप्रैल तक मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। यह अवसर हमें हमारे दमकलकर्मियों की साहस और प्रतिबद्धता की याद दिलाता है, जो न केवल अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की सुरक्षा करते हैं, बल्कि अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाते हैं। इस अवसर पर, शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, आग से निपटने में उनके अदम्य साहस और समर्पण की भी सराहना की गयी।
इस वर्ष के राष्ट्रीय अग्नि सेवा सप्ताह 2025 का थीम है “एकजुट होकर प्रज्ज्वलित करें: अग्नि सुरक्षित भारत का निर्माण करें”
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

