सांसद ढुलू महतो ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की
धनबाद(DHANBAD):धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने संविधान निर्माता, सामाजिक क्रांतिकारी और आधुनिक भारत के महान शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती के पावन अवसर पर अपने आवासीय कार्यालय, चिटाही – बाघमारा में सादर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन किया।
इस अवसर पर आयोजित जयंती सभा को संबोधित करते हुए सांसद महतो ने कहा:
“डॉ. आंबेडकर का समस्त जीवन सामाजिक विषमता, छुआछूत, जातिवाद और अन्याय के विरुद्ध एक निर्णायक संघर्ष का प्रतिरूप है। उन्होंने न केवल भारतीय संविधान की नींव रखी, अपितु उन सिद्धांतों को व्यवहार में परिणत किया जो आज लोकतांत्रिक भारत की आत्मा बन चुके हैं। उनका दर्शन और चिंतन आज भी समाज के अंतिम व्यक्ति को अधिकार, सम्मान और अवसर प्रदान करने की प्रेरणा देता है।”
सांसद महतो ने यह भी कहा कि डॉ. आंबेडकर की विचारधारा किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि मानवता की समग्र उन्नति का मार्गदर्शक सिद्धांत है। उन्होंने शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का जो मूलमंत्र दिया, वह आज की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों में और अधिक प्रासंगिक हो गया है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारीगण एवं युवा वर्ग की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया और उनके आदर्शों को राजनीतिक व्यवहार में उतारने की आवश्यकता पर बल दिया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

