‘व्यर्थ नहीं जाएगी शहादत’, शहीद को गवर्नर-सीएम ने दी श्रद्धांजलि…

‘व्यर्थ नहीं जाएगी शहादत’, शहीद को गवर्नर-सीएम ने दी श्रद्धांजलि…

रांची(RANCHI): झारखंड के गवर्नर संतोष कुमार गंगवार और CM हेमंत सोरेन चाईबासा के IED ब्लास्ट में शहीद हुए जवान सुनील धान को श्रद्धांजलि दी। रांची स्थित झारखंड जगुआर मुख्यालय में शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर फूल-माला चढ़ा कर उन्हें नमन किया। वहीं, शहीद के शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया। मौके पर CM हेमंत सोरेन ने गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि एक जवान का शहीद होना काफी दुःखद है। ऐसी कोई भी घटना, किसी भी परिवार के लिए काफी पीड़ादायक होती है। उन्होंने शहीद के शोकाकुल परिजनों का हिम्मत बढ़ाते हुए कहा, कि दुख की इस घड़ी में हम सभी आपके साथ हैं। सरकार सहयोग के लिए सदैव आपके लिए खड़ी रहेगी।

नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन दिन-ब-दिन हो रहा मजबूत
CM हेमंत सोरेन ने कहा कि देशभर के लिए उग्रवाद एक बड़ी समस्या थी। लेकिन, सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से उग्रवाद का सफाया अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उग्रवादियों के खिलाफ ऑपरेशन में हमारे कई जवान भी शहीद हुए हैं, लेकिन उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। आज जो थोड़े बहुत उग्रवादी रह गए हैं, वे हताशा में ऐसी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, उनकी ये मंशा भी नाकाम साबित हो रही है। नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का ऑपरेशन लगातार मजबूत और सफल हो रहा है। उग्रवादी घटनाएं अब अंतिम सांसें गिन रही है।

खूंटी के कर्रा प्रखंड स्थित कांटी पोड़हा टोली के रहने वाले थे शहीद सुनील धान
बता दें कि शहीद सुनील धान का पैतृक घर खूंटी के कर्रा प्रखंड स्थित कांटी पोड़हा टोली में है। उनके परिवार में मां फगुनी उराइंन, पत्नी गंदरी धान और दो बेटे 6 साल का प्रियांश धान एवं चार साल का अनिकेत धान हैं। मौके पर गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल और DGP अनुराग गुप्ता समेत कई आला पुलिस पदाधिकारियों ने शहीद जवान के पार्थिव शरीर पर फूल-माला चढ़ाया और उनकी शहादत को नमन किया।

जख्मी जवान से अस्पताल में की मुलाकात, इलाज की ली जानकारी
गवर्नर और CM ने रांची के राज अस्पताल में भर्ती कोबरा-203 बटालियन के जवान विष्णु सैनी से भी मुलाकात की और इलाज से संबंधित सारी जानकारी डॉक्टरों से ली। CM हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार घायल जवान को बेहतर से बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराएगी। यहां याद दिला दें कि चाईबासा के जराईकेला में सुरक्षा बलों के द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान उग्रवादियों के आईईडी विस्फोट में वे घायल हो गए थे।

NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *