पटना(PATNA): कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार और उनके समर्थकों के खिलाफ पटना पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। श्रीकृष्णापुरी थाने में कन्हैया कुमार समेत 41 कार्यकर्ताओं और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। इल्जाम है कि प्रदर्शन के लिये पुलिस से अनुमति नहीं ली गई थी, जिससे सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई और आम लोगों को भारी दिक्कतें हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे मामला और बढ़ गया। थानेदार प्रभात कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुये मीडिया को बताया कि इस संबंध में CDPO साकेत कुमार ने मजिस्ट्रेट के आवेदन पर केस दर्ज कराया है। इस मामले में बेलेबल धारा लगी थी, जिसके चलते सभी गिरफ्तार व्यक्तियों को पीआर बॉन्ड भरवाकर जमानत दे दी गई है। यहां याद दिला दें कि कन्हैया कुमार ने ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ के नारे के साथ पिछले 26 दिनों से बिहार भर में पदयात्रा की थी, जो 11 अप्रैल को पटना में समाप्त हुई। प्रदर्शनकारियों का मुख्य उद्देश्य CM नीतीश कुमार से मुलाकात करना था। हालांकि, पुलिस ने उन्हें CM हाउस से 3 किलोमीटर पहले ही रोक लिया। राजापुर पुल के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच थोड़ी नोकझोंक हुई, इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल करके भीड़ को नियंत्रित किया। कन्हैया कुमार और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भान को पुलिस ने हिरासत में लिया, लेकिन कुछ ही समय बाद दोनों को छोड़ दिया गया।
NEWSANP के लिए पटना से ब्यूरो रिपोर्ट

