रांची(RANCHI) : झारखंड के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी भागों में आज मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान लगाया है। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बीते कल राज्य में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। आज पश्चिमी और मध्य भागों में भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा और लोहरदगा जैसे जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकांश स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर आंधी और ओलावृष्टि भी देखी गई। चंद्रपुरा बोकारो में सबसे अधिक 56.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले तीन दिनों के मौसम की भविष्यवाणी करते हुए, 13 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन और तेज हवा का झोंका चलने की संभावना है। इसी तरह, 14 और 15 अप्रैल को भी हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है, साथ ही वज्रपात की चेतावनी भी दी गई है।
राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में 12 से 15 अप्रैल तक बादल छाए रहने की संभावना है, जिसमें गर्जन और बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 16 और 17 अप्रैल को भी रांची में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ वर्षा की संभावना जताई गई है।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

