जामताड़ा(JAMTADA): गांव चले अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जामताड़ा ग्रामीण स्थित अमलाबनी गांव में भाजपा की ओर से चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने किया। चौपाल का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल में हुए ग्रामीण विकास के कार्यों की जानकारी ग्रामीणों को देना था।
चौपाल में मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने अपने 11 वर्षों के कार्यकाल में गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। पहले गांवों में पक्की सड़कों की भारी कमी थी, जिससे आवागमन और आपातकालीन सेवाओं में दिक्कत आती थी। लेकिन अब प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत गांव-गांव में पक्की सड़कें बन चुकी हैं और उन्हें राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जा चुका है।
सुमित शरण ने कहा कि आज गांवों में बिजली की पहुंच भी एक सामान्य सुविधा बन चुकी है। पहले ग्रामीण इलाकों में अंधेरा आम बात थी, लेकिन अब हर गांव तक बिजली पहुंच गई है, जिससे पढ़ाई, व्यापार और घरेलू कामों में काफी सहूलियत मिली है। यह सब प्रधानमंत्री की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत आज प्रत्येक ग्रामीण का बैंक खाता खुल चुका है, वो भी जीरो बैलेंस पर। सुमित शरण ने बताया कि पहले ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता था, लेकिन अब हर गांव के लोगों को आर्थिक व्यवस्था से जोड़ दिया गया है, जिससे उनकी बचत और योजनाओं का लाभ सीधे खातों में मिल रहा है।
प्रधानमंत्री की हर घर नल योजना और स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में स्वच्छ पेयजल की सुविधा और शौचालय निर्माण भी अब आम बात हो चुकी है। हर घर में शौचालय की उपलब्धता से महिलाओं की सुरक्षा और स्वाभिमान दोनों में वृद्धि हुई है। साथ ही करोड़ों गरीब ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर भी मिला है, जिससे उन्हें अब अपना पक्का घर मिल पाया है।
चौपाल के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गांव में स्थित सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा स्थल की सफाई की और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। यह पहल गांव की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश मंत्री मुन्ना मिश्रा, जिला महामंत्री मितेश शाह, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, पूर्व जिलाध्यक्ष संतन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री मोहन शर्मा, मीडिया प्रभारी आभा आर्या, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राउत, ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री महेंद्र मंडल, ललित हेम्ब्रम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस चौपाल के माध्यम से भाजपा ने न केवल केंद्र सरकार की उपलब्धियों को ग्रामीणों तक पहुंचाया, बल्कि ग्रामीण सहभागिता और संवाद को भी मजबूती दी।
NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

