सिंदरी(SINDRI):आज दिनांक-09-04-2025 को 154 बटालियन सी.आर.पी.एफ. ने शौर्य दिवस मनाया । आज हीं के दिन दिनांक 09/04/1965 को पाकिस्तानी सेना की एक इन्फेंट्री ब्रिगेड ने रण ऑफ कच्छ (गुजरात) में भारतीय सीमा पर स्थित सरदार एवं टाक पोस्ट पर तैनात केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 02nd बटा0 की 02 कम्पनियों पर आक्रमण किया था और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने पाकिस्तानी सेना का दृढता से प्रतिरोध किया, बहादुरी से लड़े एवं आक्रमण को निष्फल किया । जिसमें 34 पाकिस्तानी जवानों को मौत के घाट उतारा एवं 04 जवानों को जिंदा पकड़ा । इस लड़ाई में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के 08 जवान शहीद हुए एवं 19 जवानों को पाकिस्तानी सेना द्वारा बंदी बना लिया गया। जवानों के दृढसंकल्प एवं शौर्य के कारण ही पाकिस्तानी सेना की इन्फेंट्री ब्रिगेड को खाडी में 12 घंटे से अधिक समय तक रोका रखा गया जो कि मिलीट्री युद्व इतिहास में एक अनूठी मिसाल है, जहां अर्द्धसैनिक बल की छोटी सी टुकडी के जवानों ने पूर्ण सुसज्जित पाकिस्तानी इन्फेंट्री ब्रिगेड के आक्रमण को नेस्तनाबूद किया ।
इस अवसर पर धनबाद और गिरीडीह जिले में तैनात 154 बटालियन, केरिपुबल में आज सुबह बल के शहीदो को श्रद्वांजली दी गई, जिसमें वाहिनी के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी, द्वितीय कमान अधिकारी, राजेश कुमार सिंह, उप कमाण्डेन्ट बिनीता कुमारी, चिकित्सा अधिकारी, डॉ हर्ष झा एवं वाहिनी के जवान उपस्थित रहे तथा संध्या के समय विभिन्य खेलो तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त सभी मेसो में बड़े खाने का आयोजन किया गया । इस प्रकार 154 बटालियन सी.आर.पी.एफ. में शौर्य दिवस का आयोजन गरिमापुर्ण तरीके से मनाया गया ।
NEWSANP के लिए सिंदरी से भोला बाउरी की रिपोर्ट

