जब सूर्य की किरणों ने अयोध्या में रामलला के भाल पर स्वर्णिम तिलक किया… उसी क्षण, रामेश्वरम की भूमि पर भारत के PM नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र निर्माण का एक और इतिहास रच दिया। देश को पहला वर्टिकल लिफ्ट समुद्री ब्रिज – पंबन मिला। PM मोदी ने इसका उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया। जहां कभी रेल की सीटी समुद्र से टकरा कर लौट आती थी, अब वहां भविष्य की आवाजें गूंजेंगी। रामेश्वरम से तांब्रम तक अब रेल नई रफ्तार से दौड़ेगी। रामेश्वरम से चेन्नई तक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई। मछुआरों की सुरक्षा, तटों की चौकसी और राष्ट्र की सीमाओं पर सजग प्रहरी बने एक और जहाज को मोदी ने देश के नाम रवाना किया। PM मोदी ने 8,300 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। PM मोदी बोले, रामराज्य सिर्फ किताबों में नहीं रहेगा, वो अब आधुनिक भारत की नीति और नीयत का हिस्सा है। लोग भारत को जानना चाहते हैं, समझना चाहते हैं, मछुआरों की वापसी से लेकर मंदिरों के संरक्षण तक, अब देश की नज़रें विकास और संस्कृति दोनों पर हैं। 2014 में जो रेलवे बजट 900 करोड़ था, वो अब 6,000 करोड़ से ऊपर जा चुका है। रामेश्वरम स्टेशन समेत 77 स्टेशन आधुनिक होंगे।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

