बिहार(BIHAR): वक्फ संशोधन विधेयक 2024 को लेकर बिहार में सियासी हलचल तेज है। CM नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू को औरंगाबाद में एक बड़ा झटका लगा है। पार्टी के सात मुस्लिम नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने वालों में जदयू के जिला उपाध्यक्ष जहीर अहसन आजाद, जिला महासचिव व अधिवक्ता अतहर हुसैन, पार्टी नेता मो. इलियास खां, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मो. फारूक अंसारी, पूर्व वार्ड पार्षद सैयद अनवर हुसैन, वार्ड पार्षद खुर्शीद अहमद, फखरे आलम और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष मोजफ्फर इमाम कुरैशी जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं। इन सभी नेताओं ने शनिवार को मीडिया के सामने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया।
इन नेताओं का कहना है कि वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर जदयू का रुख निराशाजनक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि CM नीतीश कुमार अब सेक्युलर नहीं रह गये हैं और भाजपा के दबाव में काम कर रहे हैं। नेताओं ने कहा कि वे CM से संवाद करना चाहते थे, पर नीतीश कुमार किसी से नहीं मिले। जहीर अहसन आजाद ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि “भारी मन से पार्टी से अलग हो रहा हूं। जदयू अब सेक्युलर नहीं रहा। ललन सिंह और संजय झा भाजपा से मिलकर पार्टी को बर्बाद कर चुके हैं।”
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

