रांची(RANCHI): झारखंड में नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों को संचार नेटवर्क से जोड़ने के लिये चल रही मोबाइल टावर परियोजना की समीक्षा बैठक शुक्रवार को ADG (अभियान) डॉ. संजय आनंद राव लाठकर की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के पुलिस कप्तान, संचार विभाग और दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुये।
बैठक में राज्य के अंदरूनी और नक्सल प्रभावित इलाकों में मोबाइल टावर स्थापित करने में आ रही दिक्कतों पर विस्तृत चर्चा हुई। ADG लाठकर ने निर्देश दिया कि सभी पुलिस कप्तान अपने जिलों में मोबाइल टावर निर्माण से संबंधित अड़चनों को दूर करने के लिये उपायुक्तों और दूरसंचार कंपनियों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए समय-सीमा तय कर लगातार अनुश्रवण किया जाये, ताकि राज्य में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने सहमति जताई कि दूर-दराज और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क पहुंचाने से स्थानीय लोगों को डिजिटल कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे न केवल संचार सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी बढ़ेगी। मौके पर IG (अभियान) अमोल वेणुकांत होमकर, उप महानिदेशक (दूरसंचार) पांडेय विजय भूषण प्रसाद, निदेशक (दूरसंचार) देव शंकर, एयरटेल और BSNL के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित विभिन्न जिलों के पुलिस कप्तान और रूरल SP मौजूद थे।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

