धनबाद(DHANBAD): नीरज हत्याकांड में बुधवार को आरोपी डबलू मिश्रा और धनजी सिंह ने मृतक नीरज सिंह का मोबाइल सीडीआर और कंज्यूमर एप्लीकेशन फॉर्म सर्टिफिकेट के साथ कंपनी के नोडल ऑफिसर एवं एसएसपी की तकनीकी शाखा से मंगाने की गुहार लगाई। दोनों ने आवेदन देकर कोर्ट में कहा कि 21 मार्च-2017 की शाम पांच बज कर छह मिनट एवं पांच बज कर 51 मिनट पर मृतक नीरज सिंह की बात आदित्य राज से हुई थी। उस समय तकनीकी शाखा की ओर से दिए गए सीडीआर के मुताबिक दोनों का लोकेशन झरिया में था, जिसकी पुष्टि अनुसंधानकर्ता निरंजन तिवारी ने कोर्ट को दिए अपने बयान में भी की है, इसलिए नीरज सिंह का मोबाइल टावर लोकेशन, सीडीआर, कंज्यूमर एप्लीकेशन फॉर्म के साथ मोबाइल कंपनी के नोडल अधिकारी व एसएसपी की तकनीकी शाखा से मंगाई जाए, क्योंकि पुलिस ने मृतक नीरज सिंह का मोबाइल सीडीआर एवं लोकेशन अदालत में दाखिल जानबूझकर नहीं किया है। अधिवक्ता मोहम्मद जावेद की दलील सुनने के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश डीसी अवस्थी की अदालत ने आवेदन पर सुनवाई के लिए गुरुवार की तारीख निर्धारित की है। सुनवाई के दौरान संजय सिंह और डबलू मिश्रा हाजिर थे, जबकि पिंटू सिंह धनजी सिंह की ओर से अधिवक्ता ने प्रतिनिधित्व का आवेदन दिया था।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

