Jharkhand Holiday| झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आदिवासियों के महापर्व सरहुल पर प्रदेश के लोगों को बड़ी सौगात दी है. मुख्यमंत्री ने राज्य में 2 दिन के राजकीय अवकाश की घोषणा की है. हेमंत सोरेन ने मंगलवार (1 अप्रैल 2025) को खुद सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करके यह जानकारी दी.
सरहुल पर 2 दिन के राजकीय अवकाश की हेमंत सोरेन ने की घोषणा
हेमंत सोरेन ने करीब सवा एक बजे ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया. इसमें उन्होंने लिखा, ‘पिछले कई वर्षों से सरहुल पर 2 दिन के राजकीय अवकाश की मांग उठ रही थी. आदिवासी समाज के इस महान पर्व के महत्व को देखते हुए, मैंने इस वर्ष से 2 दिन का राजकीय अवकाश घोषित किया है.’
हेमंत सोरेन ने दी सरहुल की शुभकामनाएं
हेमंत सोरेन ने आगे लिखा है, ‘झारखंड की संस्कृति एवं परंपराओं की गौरवशाली धरोहर को हम सहेजते आये हैं और सदैव सहेजेंगे.’ इससे पहले उन्होंने सरहुल पर्व की राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं थीं.
हेमंत बोले– सरहुल की बधाई, शुभकामनाएं और जोहार
आज के अपने पहले पोस्ट में हेमंत सोरेन ने लिखा था, ‘प्रकृति महापर्व सरहुल के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार. प्रकृति का यह महापर्व सभी को स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रखे, यही कामना करता हूं.’
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

