नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में 39.73 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया है. होल्डिंग टैक्स से 30.21 करोड़, वाटर टैक्स से 9.01 करोड़ व ट्रेड लाइसेंस से 49.95 लाख टैक्स वसूल किये गये, जो पिछले साल से आठ करोड़ 69 अधिक है.
जानकारी के मुताबिक नगर निगम क्षेत्र में लगभग 85 हजार होल्डिंग धारक हैं. इसमें मात्र 43662 उपभोक्ता ही चालू वित्तीय वर्ष में होल्डिंग टैक्स जमा किया है. लगभग 42 हजार उपभोक्ताओं के पास करोड़ों का टैक्स बकाया है. इसी तरह वाटर टैक्स की स्थिति है. 37 हजार वाटर का कनेक्शन है. इसमें मात्र 9493 उपभोक्ताओं से टैक्स आता है. जबकि वाटर का भी करोड़ों का टैक्स बकाया है. ट्रेड लाइसेंस की स्थित काफी खराब है. नगर निगम में कभी 30 हजार के आसपास ट्रेड लाइसेंस के उपभोक्ता थे. यह घटकर 2500 पहुंच गये हैं. नगर निगम को ट्रेड लाइसेंस मद में मात्र 70 लाख ही राजस्व आया है.
सख्ती से वसूला जायेगा होल्डिंग टैक्स : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने कहा कि पिछले साल से रेवेन्यू बढ़ा है, लेकिन संतोषजनक नहीं है. अप्रैल माह से पुराने होल्डिंगधारकों से सख्ती से होल्डिंग टैक्स वसूला जायेगा. नया होल्डिंग के लिए विशेष रूप से अभियान चलाया जायेगा. वाटर टैक्स के लिए एजेंसी से अलग से टीम मांगी जायेगी. वाटर टैक्स की स्थिति ठीक नहीं है. ट्रेड लाइसेंस को लेकर कुछ समस्या है. अप्रैल में चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक कर इसका समाधान किया जायेगा.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

