हजारीबाग(HAZARIBAGH):हजारीबाग की गलियों में DC नैंसी सहाय और पुलिस कप्तान अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च ने त्योहारों की खुशियों में सुरक्षा का रंग घोल दिया। पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में रामनवमी जुलूस मार्गों का बारीकी से मुआयना हुआ। झूलते बिजली के तार, सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री और अन्य व्यवधानों को दूर करने के निर्देश जारी किये गये, ताकि पर्व की पवित्रता और उल्लास में कोई खलल न पड़े। त्योहारों की चकाचौंध में अमन के पहरेदार भी मुस्तैद हैं। ड्रोन कैमरों से शहर के कोने-कोने पर नजर रखी जा रही है। छतों और खाली स्थानों की तस्वीरें ली जा रही हैं, ताकि कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश न कर सके। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई होगी। प्रशासनिक निर्देशों को माइकिंग के जरिये जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे अफवाहों से बचें, एक-दूसरे के त्योहार की इज्जत करें और शहर के भाईचारे को बनाये रखें। वहीं, जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है – जो भी शांति भंग करेगा, वह कानून के शिकंजे से बच नहीं पायेगा। हर नागरिक से अपील है कि वे त्योहारों को उमंग और प्रेम से मनायें, ताकि हजारीबाग की हवाओं में हमेशा अमन और भाईचारे की खुशबू बसी रहे।
NEWSANP के लिए हजारीबाग से ब्यूरो रिपोर्ट

