रांची(RANCHI): बसंत की गूंज और भक्ति की धुन के साथ सरहुल और रामनवमी की तैयारियों ने रांची शहर की रफ्तार बढ़ा दी है। जिला प्रशासन हर कदम पर नजर बनाये हुये है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं हो। रांची के DC मंजूनाथ भजंत्री ने आला अधिकारियों के संग शहर के प्रमुख जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। शिव मंडप पूजा समिति, महावीर चौक, मेडिकल चौक मंदिर, तपोवन मंदिर, सरना टोली हातमा, सिरम टोली सरना स्थल समेत कई स्थानों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा को सुगम बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। रामनवमी को लेकर मंदिरों में विशेष तैयारी की गई है। बिजली-पेयजल और CCTV की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। प्रशासन ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया, ताकि भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। DC ने निर्माण कार्य से जुड़ी रुकावटों को हटाने और गड्ढे भरने के निर्देश दिये। वहीं, ओवरब्रिज के पास सुरक्षा बढ़ाने और जुलूस मार्ग को व्यवस्थित करने के लिये बोले। DC ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि सरहुल और रामनवमी को प्रेम और भाईचारे के साथ मनायें। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

