दिल्ली(DELHI):दक्षिणी जिला पुलिस ने अवैध रूप से दिल्ली में रह रहे बांग्लादेशियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिले में अलग अलग जगह से 18 बांग्लादेशियों को पकड़ा है। इनमें से पुलिस ने आठ को गिरफ्तार किया है, जबकि छह को डीपोर्ट कर दिया। इसके अलावा चार से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इनकी मदद करने वाले आठ भारतीय आरोपितों को भी दबोचा है।पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि अवैध प्रवासियों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी और भारतीय पासपोर्ट जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपितों के ठिकानों की तलाशी ली तो वहां से 23 वोटर कार्ड, 19 पैन कार्ड, 17 आधार कार्ड, सीपीयू, 11 जन्म प्रमाण पत्र और छह बलैंक वोटर आइडी कार्ड बरामद किए।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विदेशी अधिनियम सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने इन्हें शरण देने और इनके फर्जी दस्तावेज बनवाने वाले आठ भारतीय नागरिकों पर भी केस दर्ज किया है। इन भारतीय आरोपितों ने इन्हें फर्जी दस्तावेजों पर नौकरी और किराए पर मकान भी दिलवाए।
NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

