वृद्धा ने की जमीन पर जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण करने की शिकायत…

वृद्धा ने की जमीन पर जबरन कब्जा कर अवैध निर्माण करने की शिकायत…

धनबाद(DHANBAD):एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा ने शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्र से आए लोगों की समस्या सुनी।

जनता दरबार में डिगवाडीह की वृद्ध आदिवासी महिला ने एडीएम को बताया कि उनकी आदिवासी खाते की जमीन पर वह पिछले 22 साल से रहती है। कुछ लोगों द्वारा जबरन जमीन पर कब्जा करके अवैध निर्माण किया जा रहा है। मामले की शिकायत करने पर झरिया अंचल कार्यालय ने जांच की और इसकी रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय को भेजी। अनुमंडल कार्यालय द्वारा उन लोगों को बारंबार हाजिर होने के लिए लिखा जाता है। परंतु अवैध निर्माण करने वाले कभी हाजिर नहीं होते है। वहीं दूसरी ओर अवैध निर्माण जारी है। महिला के आवास की नाली भी बंद कर दी है। मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए एडीएम ने अंचल अधिकारी, झरिया को फोन कर तुरंत महिला की समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में मिशनरीज ऑफ चैरिटी ने मेमको मोड़ स्थित शाखा “शांति निवास” के सामने की बाउंड्री वॉल के आगे हो रहा निर्माण कार्य रोकने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस शाखा में मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग महिला, पुरुष और बच्चे रहते हैं। बाउंड्री वॉल के आगे हो रहे निर्माण से उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। एडीएम ने अंचल अधिकारी धनबाद को इसकी जांच करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा जनता दरबार में गंभीर बीमारी का इलाज कराने के लिए सहायता प्रदान करने, जमीन पर कब्जा कर किया गया अवैध निर्माण ध्वस्त करने सहित अन्य शिकायत प्राप्त हुई।

जनता दरबार में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, जन शिकायत कोषांग के प्रधान लिपिक नंदकिशोर कुशवाहा मौजूद थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *