बोकारो जिले के कसमार में एक ऐसा स्कूल है, जिसमें बच्चों की पढ़ाई तो होती है, लेकिन स्कूल में बिजली का कनेक्शन नहीं है. बाउंड्री वॉल नहीं है. कंप्यूटर क्लास के लिए बच्चों को पुराने भवन में ले जाया जाता है.
बोकारो(BOKARO) : न बाउंड्री, न बिजली. ये है केदला के अपग्रेड हाई स्कूल का हाल. बोकारो जिले के कसमार प्रखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्र कहे जाने वाले हिसीम पहाड़ पर बसे केदला गांव में केदला उच्च विद्यालय है. कुछ वर्ष पहले ही इस विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार हुआ है. नये भवन में बच्चों की पढ़ाई शुरू हुई. इस स्कूल को अब तक बिजली का कनेक्शन नहीं मिल पाया है. हालांकि, बिजली के कनेक्शन के लिए तत्कालीन प्राचार्य ने 16 अगस्त 2022 को ही जैनामोड़ विद्युत सब-स्टेशन के सहायक विद्युत अभियंता को पत्र लिखा था.
कंप्यूटर क्लास के लिए बच्चों को ले जाते हैं पुराने भवन में
तत्कालीन प्रधानाध्यापक ने कहा था कि नये भवन में बिजली का कनेक्शन नहीं होने के कारण बहुत सारे जरूरी कार्य नहीं हो पा रहे हैं. आवेदन के लगभग ढाई साल बीत जाने के बाद भी विभाग ने इस पर गंभीरता नहीं दिखायी है. बिजली कनेक्शन नहीं होने के कारण नये भवन में सीसीटीवी कैमरा, पंखा आदि चालू नहीं हो सका है. अन्य कई जरूरी काम भी बाधित हैं. इतना ही नहीं, बच्चों को कंप्यूटर क्लास के लिए विद्यालय के पुराने भवन में ले जाना पड़ता है.
चहारदीवारी नहीं होने से बच्चे हैं असुरक्षित
विद्यालय में चहारदीवारी नहीं होने के कारण बच्चे असुरक्षित हैं. ग्रामीणों ने कहा कि नये भवन का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन चहारदीवारी नहीं बनायी गयी है. ग्रामीणों ने कहा कि इस इलाके में जंगली हाथी समेत अन्य हिंसक जानवर आते रहते हैं.
अंग्रेजी की नहीं हो पा रही है स्कूल में पढ़ाई
विद्यालय में अंग्रेजी का शिक्षक नहीं होने से अंग्रेजी की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. अंग्रेजी के शिक्षक दिव्येंदु चेल का स्थानांतरण प्लस टू उच्च विद्यालय हरनाद में कर दिया गया है. नये शिक्षक की पदस्थापना नहीं हुई है. इससे अंग्रेजी की पढ़ाई नहीं हो पा रही है.
बीस सूत्री अध्यक्ष ने जताया रोष
केदला गांव के निवासी प्रखंड बीस सूत्री समिति के अध्यक्ष दिलीप कुमार हेम्ब्रम ने विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं दिये जाने पर बिजली विभाग पर रोष जताया है. दिलीप कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि समस्या संज्ञान में आने के बाद उन्होंने खुद कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की, लेकिन अधिकारी बेपरवाह हैं. उन्होंने कहा कि अगर जल्द स्कूल को बिजली कनेक्शन नहीं मिला, तो इसकी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से करेंगे.
NEWSANP के लिए बोकारो से ब्यूरो रिपोर्ट

