धनबाद(DHANBAD): कतरास एलआईसी ऑफिस के समीप सत्यनारायण मंदिर गली निवासी बासुकीनाथ स्वर्णकार के इकलौता पुत्र अभिषेक स्वर्णकार (32 वर्ष) की मौत चंडीगढ़ के मोहाली में एक युवक के साथ बाइक पार्किंग के विवाद में हुई मारपीट में हो गयी। वह इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च में साइंटिस्ट थे।
यह जानकारी देते हुए मृतक के भाई राजबाड़ी रोड निवासी स्वयं स्वर्ण ने बताया कि अक्तूबर 2020 में आईआईएसईआर में अभिषेक ने ज्वाइन किया था। वे अपने माता-पिता के साथ किराए के फ्लैट में रहते थे। कतरास में उनके आवास पर कोई नहीं रहता है। मोहाली सेक्टर-67 में मंगलवार की शाम लगभग 8:30 बजे बाइक पार्क करने को लेकर पड़ोसी युवक के साथ अभिषेक का विवाद हुआ। पड़ोसी ने पहले गाली गलौज की। इसके बाद उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। परिवार का आरोप है कि पेट में मुक्का मारने से अभिषेक गली में गिर गया और वह उठ नहीं पाए। फिर आरोपी ने उन्हें अपनी गाड़ी से फोर्टिस अस्पताल ले गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारपीट की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है। घटना की खबर से कतरास इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के भाई ने बताया कि अभिषेक का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। साथ ही डायलिसिस चल रही थी। परिजनों व पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
अमेरिका समेत कई देशों में कर चुके थे काम, बहन ने दी थी किडनी
मृतक के मामा के बेटे ने बताया कि अभिषेक होनहार वैज्ञानिक थे। वह अमेरिका समेत कई देशों में काम कर चुके थे, लेकिन कुछ समय पहले तबीयत खराब होने पर भारत आ गए थे। परिवार में उसकी दो बहनें और बुजुर्ग माता-पिता हैं। उसके पिता पहले ज्वेलरी का काम करते थे। बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अब अपने बेटे के साथ ही रहते थे। कुछ समय पहले उसका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, बहन ने उन्हें अपनी किडनी दी थी।
आईआईएसईआर से पता चला है कि साइंटिस्ट अभिषेक काफी होनहार थे। उसका साइंस के प्रतिष्ठित जनरल साइंस में रिसर्च पेपर प्रकाशित हुआ था। इस वजह से उसे आईआईएसईआर में मौका मिला था। वहीं संस्थान के लोगों का कहना है कि बहुत बड़ी क्षति हुई है। उसकी साइंस को लेकर रुचि देखते ही बनता था।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

