धनबाद(DHANBAD):शहर में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे टोटो चालकों के खिलाफ जिला परिवहन कार्यालय (DTO) ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ा अभियान चलाया है। पिछले सप्ताह परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे 8 टोटो को जब्त कर लिया।
डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी ने बताया कि इन टोटो चालकों को पहले भी कई बार नोटिस दिया गया था, लेकिन उसके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही थी। आखिरकार, विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे टोटो को जब्त कर स्थानीय थाने को सौंप दिया। डीटीओ ने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन और फाइन भरने के बाद ही टोटो मालिकों को उनके वाहन वापस किए जाएंगे।
परिवहन विभाग ने केवल रजिस्ट्रेशन ही नहीं, बल्कि शहर में बिना वर्दी के ऑटो और टोटो चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। बिना वर्दी में वाहन चलाने वाले चालकों से फाइन वसूला गया और उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि वर्दी के बिना वाहन चलाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
धनबाद परिवहन विभाग की इस कड़ी कार्रवाई से शहर के टोटो और ऑटो चालकों में हड़कंप मच गया है। डीटीओ ने कहा कि आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

