यूएनसीएसडब्ल्यू में अन्नपूर्णा देवी ने कहा- भारत सरकार महिला एवं बाल कल्याण के लिए है प्रतिबद्ध…

यूएनसीएसडब्ल्यू में अन्नपूर्णा देवी ने कहा- भारत सरकार महिला एवं बाल कल्याण के लिए है प्रतिबद्ध…

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में भारत सरकार के एक प्रतिनिधिमंडल ने महिलाओं की स्थिति पर यूएनसीएसडब्ल्यू के 69वें सत्र में भाग लिया। इस सत्र का शुभारंभ 10 मार्च को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में हुआ। अन्नपूर्णा देवी ने आयोग में महिलाओं एवं बालिकाओं के समग्र विकास के लिए भारत सरकार की पहलों पर राष्ट्रीय वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल कल्याण के लिए प्रतिबद्धता को सुदृढ़ बनाना हमारी प्राथमिकता है।

महिलाओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देता है सीएसडब्ल्यू

सीएसडब्ल्यू (CSW) एक प्रमुख वैश्विक अंतर-सरकारी निकाय है, जो लैंगिक समानता, अधिकारों और महिलाओं के सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष रूप से समर्पित है। आपको बता दें, संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद के एक कार्यात्मक आयोग के आगामी सत्र का आयोजन 10 से 21 मार्च, 2025 तक किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने भारत का वक्तव्य देते हुए प्राथमिकता वाले विषयों पर चर्चा की

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मंत्रिस्तरीय मंच पर भारत का वक्तव्य देते हुए प्राथमिकता वाले विषयों पर चर्चा की। इनमें बीजिंग घोषणापत्र और कार्रवाई के लिए मंच की 30वीं वर्षगांठ की समीक्षा एवं मूल्यांकन, लैंगिक समानता और महिलाओं के सशक्तीकरण की उपलब्धि एवं सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा की पूर्ण प्राप्ति पर वैश्विक प्रगति और चुनौतियों का विश्लेषण शामिल है।

महिलाओं की स्थिति पर सत्र को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने चिंता के 12 महत्वपूर्ण क्षेत्रों को संबोधित करते हुए लैंगिक समानता पर भारत की प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने प्रमुख योजनाओं के परिवर्तनकारी प्रभाव की भी जानकारी दी, जिसने महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और आर्थिक अवसरों को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

प्रत्येक महिला और लड़की को उनके अधिकार और हक मिले

अन्नपूर्णा देवी ने यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार के संकल्प को दोहराया कि प्रत्येक महिला और लड़की को उनके अधिकारों और हक तक पहुंच प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों का कल्याण हमारे राष्ट्र की प्रगति का मूल है। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसे भविष्य की दिशा में कार्य कर रहे हैं जहां हर महिला सशक्त हो और हर बच्चे का पालन-पोषण सुरक्षित और सहायक वातावरण में हो।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा ने एक्स पर कहा

वहीं, सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा ने कहा कि यूएन मुख्यालय में भारत का प्रतिनिधित्व और देश की नारीशक्ति व उनकी प्रगति को उद्घोषित कर गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में, भारत की महिलाओं ने पूरी दुनिया के सामने अपनी असीमित क्षमताओं और सामर्थ्य को स्थापित किया है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *