धनबाद(DHANBAD):धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने संसद के पटल पर धनबाद रेडियो स्टेशन की सीमित प्रसारण क्षमता का मुद्दा उठाते हुए इसके आधुनिकीकरण की मांग की। उन्होंने सदन के माध्यम से सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से अनुरोध किया कि रेडियो स्टेशन की प्रसारण शक्ति और आवृत्ति को बढ़ाकर इसे उच्च स्तरीय और आधुनिक बनाया जाए, ताकि धनबाद के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोग भी इसका लाभ उठा सकें।
सांसद ने कहा:
“धनबाद रेडियो स्टेशन स्थानीय जनता, किसानों और कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। अगर इसकी क्षमता को बढ़ाया जाए, तो न केवल स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि ‘मन की बात’ जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी दूर-दराज के गांवों तक पहुंच सकेंगे। इससे लोगों को सरकार की योजनाओं और समाज में हो रहे बदलावों की सटीक जानकारी मिल सकेगी।”
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना प्रसार के महत्व पर बल देते हुए कहा कि रेडियो एक सशक्त माध्यम है, जो इंटरनेट और टीवी की पहुंच से बाहर के इलाकों में भी जानकारी पहुंचा सकता है।
सांसद ने निवेदन किया कि:
“माननीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री जी से मेरा विनम्र अनुरोध है कि धनबाद रेडियो स्टेशन को आधुनिक उपकरणों और उच्च पावर ट्रांसमीटर से सुसज्जित किया जाए, ताकि यह संचार का एक प्रभावी माध्यम बन सके और जनता को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा सके।”
इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाने के लिए क्षेत्र के नागरिकों, स्थानीय कलाकारों और किसानों ने सांसद ढुलू महतो के प्रति आभार व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि सरकार इस पर जल्द निर्णय लेगी।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

