रांची(RANCHI):चालू वित्त वर्ष के अब महज 22 दिन बचे हैं। लेकिन सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाएं अब तक पूरी नहीं हुई इनमें सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन मिशन, अबुआ आवास और स्कूली बच्चों को साइकिल देने की योजना शामिल हैं।
सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत चालू वित्त वर्ष में करीब 66 लाख लोगों को दो बार 10 रुपए में में धोती-लुंगी और महिलाओं को साड़ी देने की योजना थी। लेकिन अब तक पहली छमाही का भी पूरा वितरण नहीं हो पाया है। करीब 15 लाख ऐसे लाभुक हैं, जिन्हें इस साल एक बार भी इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया। शेष पेज 9 पर
अबुआ आवास… तीन साल में बनने हैं आठ लाख आवास, अभी सिर्फ 24,197 ही तैयार हो पाए हैं
वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य सरकार ने अबुआ आवास योजना शुरू की। इसके तहत हर लाभुक को दो लाख रुपए का भुगतान करना था। राज्य सरकार ने वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक कुल आठ लाख घर बनाने का लक्ष्य तय किया। जिसमें 2023-24 में दो लाख, 2024-25 में 3.5 लाख आैर 2025-26 में 2.5 लाख लोगों को घर देने का लक्ष्य था। इस पर करीब 16,320 करोड़ रु खर्च करने का अनुमान लगाया गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में कुल 1,94961 अबुआ आवास स्वीकृत हुए। लेकिन अब तक मात्र 24,197 आवास ही पूरे हो पाए हैं।
कुआं… 15 नवंबर 2024 तक एक लाख कुआं खोदने का लक्ष्य था, अब तक 36,583 ही बने
राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन मिशन शुरू की थी। इसके तहत 15 नवंबर 2024 तक एक लाख कुआं बनाना था। इनमें वित्तीय वर्ष 2023-24 में 50 हजार आैर 2024-25 में 50 हजार कुएं का निर्माण करने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक सिर्फ 36,583 कुएं का ही निर्माण हो पाया। 11,229 कुएं ऐसे हैं जिनकी चौड़ाई बढ़ाने का काम किया जा रहा है। यह स्थिति मार्च 2025 के पहले सप्ताह तक की है। कुएं का निर्माण पूरा नहीं होने से सिंचाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। झारखंड विधानसभा के पहले सत्र में भी पूर्णिमा साहू ने यह मामला उठाया था।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

