कोयला खनन उद्योग में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए- बीसीसीएल महापबंधक निर्झर चक्रवर्ती
धनबाद(DHANBAD):आज दिनांक 8 मार्च को राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह 2025 के तहत क्वालिटी ऑस्ट्रिया सेंट्रल एशिया के धनबाद कार्यालय चिड़ागोड़ा में एक भव्य आयोजन किया गया, इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के महाप्रबंधक (गुणवत्ता नियंत्रण) निर्झर चक्रवर्ती द्वारा किया गया।
कोयला उद्योग में सुरक्षा के महत्व को ध्यान में रखते हुए, यह कार्यक्रम कार्यस्थल पर सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने और खतरों को कम करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।इस आयोजन को एजीएम अशोक बिस्वास के नेतृत्व में अनिमेष राय, सानू, पीयूष, अजीत सिंह और उनकी टीम के अन्य सदस्यों ने सफलतापूर्वक संचालित किया। इस वर्ष की थीम “सुरक्षा और कल्याण – विकसित भारत के लिए महत्वपूर्ण” रही, जो इस बात को रेखांकित करती है कि एक सुरक्षित कार्यस्थल, विशेष रूप से कोयला खनन जैसे जोखिमपूर्ण उद्योगों में, केवल एक आवश्यकता ही नहीं बल्कि एक अनिवार्यता भी है।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा ड्रिल, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) जागरूकता सत्र, अग्निशमन अभ्यास, और कार्यस्थल सुरक्षा से संबंधित नाटक आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों के पालन के महत्व को समझाया गया और उन्हें आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया।श्री चक्रवर्ती ने अपने संबोधन में कहा कि कोयला खनन उद्योग में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए सुरक्षा प्रक्रियाओं का निरंतर अनुपालन, प्रशिक्षण और तकनीकी सुधार आवश्यक हैं।कार्यक्रम में एजीएम अशोक बिस्वास और उनकी टीम ने न केवल आयोजन की सफलता सुनिश्चित की बल्कि कर्मचारियों को सुरक्षा उपायों के महत्व के प्रति प्रेरित भी किया। 4 से 10 मार्च तक चलने वाले इस सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न कार्यशालाओं, सुरक्षा संगोष्ठियों और अनुभव साझा करने वाले सत्रों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य कोयला उद्योग में शून्य दुर्घटना (Zero Accident) लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में काम करना है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

