धनबाद(DHANBAD): आईआईटी आईएसएम धनबाद के छात्र तन्मय प्रजापति का शव गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हॉस्टल के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ था. शुक्रवार को परिजन मृतक छात्र का शव लेने धनबाद पहुंचे. परिजनों में मृतक के मामा पवन और उनके साथ तन्मय के चाचा हैं.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
धनबाद पहुंचने के बाद परिजन सीधे जालान अस्पताल पहुंचे, जहां अस्पताल के मोर्चरी में रखे छात्र के शव को बाहर निकाला गया. शव देख कर परिजन फफक-फफक कर रोने लगे. छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जालान अस्पताल से एसएनएमएमसी अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद छात्र के शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा.
आईएसएम प्रबंधन की सूचना पर पहुंचे परिजन
मृतक छात्र के मामा पवन ने बताया कि आईएसएम प्रबंधन ने सूचना दी थी कि तन्मय का शव बाथरूम में पाया गया है. जिसके बाद उसके शव को ले जाने के लिए पहुंचे हैं. हालांकि यह पूछ जाने पर की क्या तन्मय ने ऑनलाइन कोई दवा मंगायी थी. इस सवाल के जवाब में उसके मामा ने कहा कि हमें इस बात की जानकारी नहीं है.
हॉस्टल के बाथरूम में मिला था शव
बता दें कि गुरुवार की सुबह तन्मय प्रजापति का शव आईएसएम के एक्वा मरीन हॉस्टल के 13वें मंजिल पर स्थित बाथरूम से बरामद किया गया था. गुरुवार की सुबह जब सफाई कर्मी हॉस्टल के बाथरूम की सफाई करने पहुंचे तब उन्होंने बाथरूम में तन्मय का शव देखा.इसके बाद उन्होंने आईएसएम प्रबंधन को घटना की जानकारी दी.
पुलिस ने शुरुआती जांच में आशंका जताई थी कि संभवतः किसी दवा को खाकर छात्र ने आत्महत्या की है. हालांकि अब तक मामला स्पष्ट नहीं हो सका है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्र की मौत की असल वजह सामने आएगी.
मध्य प्रदेश के इंदौर का रहने वाला था छात्र
आपको बता दें कि छात्र तन्मय प्रजापति मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर शहर का रहनेवाला था. तन्मय बीटेक थर्ड ईयर का छात्र था. तन्मय के परिजन घटना को लेकर हैरान हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट
