विरोध मार्च में शामिल प्रभावित गांवों के ग्रामीण.
धनबाद(DHANBAD): डीवीसी पंचेत डैम में सोलर पावर प्लांट निर्माण के विरोध में गुरुवार को आठ गांवों के ग्रामीणों ने पैदल मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. मत्स्यजीवी संग्राम समिति एवं दामोदर वैली वास्तुहारा संघर्ष समिति ने ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन किया है. इसमें बंगाल क्षेत्र के आठ गांवों चाकलताबाड़ी, बाघमारा, सिउलीबाड़ी, महेशनदी, चेकपोस्ट, शालकनाली, भुरकुंडाबाड़ी के ग्रामीण शामिल थे. सिदो-कान्हू चौक से पंचेत हाइडल तक ग्रामीणों ने पारंपरिक हथियारों के साथ मार्च किया. ग्रामीण सोलर प्लांट निर्माण कार्य बंद करो, डीवीसी प्रबंधन होश में आओ, जमीन हमारी वापस करो, जमीन हमारी मर्जी तुम्हारी नहीं चलेगी आदि नारा लगा रहे थे. सोलर प्लांट से डैम में मछली पकड़ने से होगी परेशानी ग्रामीणों का कहना है कि डैम में सोलर प्लांट बनाने से मछुआरों को मछली पकड़ने में दिक्कत होगी. इससे उनकी रोजी-रोजी प्रभावित होगी. ग्रामीणों के मार्च को देखकते हुए डीवीसी प्रबंधन ने हाइडल के पास सीआइएसएफ जवानों की तैनाती की थी. मार्च में परेश मरांडी, विप्लब मरांडी, राजेन टुडू, संदीप बास्की, बोड़ोलाल टुडू, दुगाई टुडू, सुबोध भंडारी, विश्वनाथ हेंब्रम के अलावा मुखिया भैरव मंडल, मुख्तार अंसारी, सूर्योदय राय, घोलटू अंसारी आदि शामिल थे.
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

