क्या पंजाब से राज्यसभा जाएंगे केजरीवाल? अरोड़ा को MLA प्रत्याशी बनाए जाने से अटकलें तेज…

क्या पंजाब से राज्यसभा जाएंगे केजरीवाल? अरोड़ा को MLA प्रत्याशी बनाए जाने से अटकलें तेज…

दिल्ली(DELHI): आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। माना जा रहा है कि पार्टी ने आप संयोजक तथा दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजने का रास्ता साफ कर लिया है।

हालांकि यह उपचुनाव के नतीजों के बाद ही तय होगा कि केजरीवाल राज्यसभा जा पाएंगे या नहीं। चूंकि दिल्ली में पार्टी को मिली हार और भाजपा की करीब 27 वर्षों के बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी से पंजाब के राजनीतिक समीकरण भी बदले हैं।

पंजाब के सीएम भगवंत मान के सामने अब कई तरह की राजनीतिक चुनौतियां बढ़ गई हैं। संजीव अरोड़ा अगर उपचुनाव जीतते हैं तो फिर राज्यसभा की एक सीट खाली हाे जाएगी। पंजाब विधानसभा में संख्याबल के हिसाब से अरविंद केजरीवाल के राज्यसभा जाने में फिर कोई जोखिम नहीं रहेगा। पंजाब विधानसभा की कुल 117 सीटों में से आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों पर जीत के साथ प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई हुई है।

लुधियाना वेस्ट से आप विधायक रहे गुरप्रीत गोागी की 10 जनवरी, 2025 की रात गोली लगने से जान चली गई थी। वे रिवाल्वर साफ कर रहे थे और इसी दौरान गोली चल गई। इससे उनकी जान गई। विधानसभा की ओर से लुधियाना वेस्ट सीट को रिक्त घोषित करके नोटिफिकेशन की कॉपी भारत के चुनाव आयोग को भेजी जा चुकी है। आयोग ने अभी तक उपचुनाव की घोषणा नहीं की है।

संजीव अरोड़ा को 10 अप्रैल, 2022 को राज्यसभा भेजा गया था। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल, 2028 तक के लिए है। लगातार तीन बार दिल्ली की सत्ता में रही आम आदमी पार्टी इस बार सत्ता से बाहर हो गई। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों में से 48 पर जीत हासिल कर भाजपा ने करीब 27 वर्षों के बाद प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। आम आदमी पार्टी को 22 सीटों पर जीत हासिल हुई।

नई दिल्ली सीट से चुनाव जीतते रहे अरविंद केजरीवाल को इस बार पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे प्रवेश साहिब वर्मा ने चुनावों में शिकस्त दी। ऐसे में अरविंद केजरीवाल को राज्यसभा भेजने की प्लानिंग पार्टी के अंदर शुरू हो चुकी है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. संदीप पाठक ने बुधवार को संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार घोषित करके पार्टी की मंशाओं और राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चाओं को और भी बल दे दिया है।

बाजवा ने ली चुटकी
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा पहले ही यह संकेत दे चुके थे कि आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा में भेजेगी। संजीव अरोड़ा के उम्मीदवार घोषित होने के बाद उनकी संभावना सही साबित होती दिख रही है। बाजवा ने चुटकी लेते हुए कहा – पहले अरविंद केजरीवाल लुधियाना वेस्ट से उपचुनाव लड़ना चाहते थे। लेकिन जब उन्हें यह लगा कि इसका पंजाब में व्यापक असर होगा और पंजाबी बाहरी लोगों को बर्दाश्त नहंी करेंगे तो उन्होंने कदम पीछे खींच लिए।

NEWSANP के लिए दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *