सिंदरी(SINDRI):आईएसटीई बीआईटी सिंदरी ने टेक महोत्सव 2024 के अंतर्गत त्रिवेणी का सफल आयोजन बीआईटी सिंदरी के निदेशक एवं आईएसटीई बीआईटी सिंदरी के संरक्षक प्रो०(डॉ०) पंकज राय के मार्गदर्शन में किया, साथ हीं स्पर्धा त्रिवेणी के प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आईएसटीई बीआईटी सिंदरी के प्रोफेसर-इन-चार्ज डॉ० ब्रह्मदेव यादव ने अपनी संबोधन में विजेताओं को बधाई दिया एवं , सभी लोगों को तकनीकी प्रतियोगिताओं में शामिल होने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के कौशल बढ़ाने के लिए काफी सहायक साबित होती हैं।
साथ हीं उन्होंने नवाचार और सतत प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “जीतना एक आदत बननी चाहिए।” उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
त्रिवेणी के अंतर्गत एस्केप द रूम, मोस्ट इंटेलिजेंट ब्रांच, एक्सेलरेट, स्मार्ट सिटी चैलेंज, टेक्नोशॉट, और एग्ज़िबिटो जैसी विभिन्न तकनीकी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिन्होंने प्रतिभागियों की तकनीकी विशेषज्ञता और समस्या समाधान कौशल की परीक्षा ली।
इस आयोजन ने नवाचार और सीखने को प्रोत्साहित किया, जिससे छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए, जिससे टेक महोत्सव 2024 के अंतर्गत त्रिवेणी तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बना।
NEWSANP के लिए सिंदरी से भोला बाउरी की रिपोर्ट

